विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2 दिन पहले दावा 'सिर्फ 1 आतंकी सक्रिय', अब श्रीनगर में 4 स्थानीय आतंकियों के पोस्टर जारी; सूचना देने पर भारी इनाम

Published: Mon, 09 Nov 2026 06:47 PM (GMT+05:30)

कश्मीर में चार स्थानीय आतंकियों के पोस्टर जारी होने के बाद श्रीनगर में हाई अलर्ट है। लाल चौक में पोस्टर ...और पढ़ें

श्रीनगर के एमए रोड पर चार सक्रिय आतंकियों के वांटेड पोस्टर चस्पा किए हैं।

श्रीनगर के एमए रोड पर चार सक्रिय आतंकियों के वांटेड पोस्टर चस्पा किए हैं।

HighLights

  1.  कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट।

  2. खुफिया इनपुट के बाद श्रीनगर समेत पूरी घाटी में सुरक्षा कड़ी।

  3. लाल चौक समेत विभिन्न जगहों पर लगाए गए पोस्टर।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर घाटी में केवल एक स्थानीय आतंकवादी के सक्रिय होने का दावा किए जाने के महज दो दिन बाद चार स्थानीय आतंकियों के पोस्टर जारी किए जाने से सुरक्षा हलकों में हलचल मच गई है। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर सुरक्षा बलों ने पूरी घाटी, विशेषकर श्रीनगर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। आशंका है कि यह चारों आतंकी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं और श्रीनगर अथवा उसके आसपास के इलाकों में छिपे हो सकते हैं ।

श्रीनगर शहर के भीतर विभिन्न रास्तों के अलावा श्रीनगर शहर को वादी के अन्य जिलों से जोड़ने वाले मार्गाे ंपर भी विशेष नाके लगाए गए हैं। सभी संदिग्ध तत्वों की लगातार निगरानी की जा रही है।

प्रताप पार्क की दीवार पर लगाए गए आतंकियों के पोस्टर

सुरक्षा एजेंसियों की ओर से जारी किए गए पोस्टर रविवार सुबह श्रीनगर के व्यस्त लाल चौक इलाके में स्थित प्रताप पार्क की दीवार पर भी लगाए गए। इन पोस्टरों के माध्यम से आम नागरिकों से चारों आतंकियों की मौजूदगी, आवाजाही और संभावित ठिकानों के संबंध में विश्वसनीय जानकारी देने की अपील की गई है।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि आम जनता का सहयोग किसी संभावित आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम बनाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

घाटी में एक स्थानीय आतंकी सक्रिय होने की बात कही थी

इस पूरे घटनाक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि पोस्टरों में शामिल चार नामों में मोहम्मद लतीफ बट का नाम भी है। उल्लेखनीय है कि कश्मीर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुजीत कुमार ने शुक्रवार को ही घाटी में केवल एक स्थानीय आतंकी लतीफ बट के ही सक्रिय होने की बात कही थी। इसके महज दो दिन बाद चार स्थानीय आतंकियों के पोस्टर सामने आने से सुरक्षा संबंधी दावों और उपलब्ध खुफिया सूचनाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

हालांकि सुरक्षा एजेंसियों की ओर से किसी संभावित हमले के लक्ष्य या समय को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन श्रीनगर में बढ़ाई गई सतर्कता से स्पष्ट है कि सुरक्षा तंत्र किसी भी खतरे को नजरअंदाज करने के मूड में नहीं है।

ब्रथ कलां, पट्टन और कुलगाम के आतंकियों की तस्वीरें जारी

जारी किए गए पोस्टरों में सोपोर के ब्रथ कलां का रहने वाला बिलाल अहमद मीर व मोहम्मद उमर , पट्टन बारामुला का आबिद कय्यूम लोन और दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले का मोहम्मद लतीफ बट की तस्वीरे हैं। लतीफ बट के अलावा अन्य तीन आतंकियों के बारे में कुछ समय पहले तक सुरक्षा एजेंसियां यही कहती थी कि वे गुलाम जम्मू कश्मीर में हैं।

कुलगाम निवासी आतंकी मोहम्मद लतीफ बट के बारे में कहा जाता है कि उसने ही इस वर्ष जुलाई में अनंतनाग में एक पुलिसकर्मी की हत्या की थी।

सुरक्षा एजेंसियों ने पोस्टरों के जरिए आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को इन आतंकवादियों की मौजूदगी, गतिविधियों अथवा आवाजाही के संबंध में कोई पुख्ता जानकारी मिलती है तो वह संबंधित एजेंसियों के साथ साझा करे। जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का भरोसा दिया गया है। इसके अलावा ऐसी विश्वसनीय सूचना देने वाले को आकर्षक नकद इनाम देने की घोषणा भी की गई है।

इस बीच, संबधित सूत्रों ने बताया कि इन चारो आतंिकयों को पकड़ने के लिए उनके सभी संभावित ठििकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। सभी संवेदनशील इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। श्रीनगर और उस पास के इलाकों में सुरक्षा का कड़ा बंदोबस्त किया गया है। सभी संदिग्ध तत्वों की गतिविधियों की भी लगातार निगरानी की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।