जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का कहर, अनंतनाग और गुरेज में बादल फटने से अचानक आई बाढ़; मलबे से सड़कें बंद
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से कई इलाकों में अचानक बाढ़ और बादल फटने की घटनाएं हुईं। अनंतनाग, गुरेज़ और कारगिल ...और पढ़ें
-1782910420218_m.webp)
लगातार बारिश से कश्मीर के कई इलाकों में तबाही।
HighLights
अनंतनाग में अचानक बाढ़, स्कूल से छात्र सुरक्षित निकाले गए
गुरेज़ की तुलैल घाटी में बादल फटने से सड़क क्षतिग्रस्त
कारगिल में बाढ़ से ज़ांस्कर-कारगिल मार्ग अवरुद्ध।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बुधवार को कई इलाकों में अचानक बाढ़ और बादल फटने की घटनाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग, गुरेज के तुलैल घाटी और कारगिल में अचानक आई बाढ़ से सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के लारनू क्षेत्र के गुरिदरमन गांव में बुधवार दोपहर लगातार बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई। बाढ़ का पानी गांव में घुसने से स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। उस समय एक स्थानीय स्कूल में कई छात्र मौजूद थे, जिन्हें ग्रामीणों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रशासन ने बताया कि संपत्ति और बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अनंतनाग के उपायुक्त बिलाल मोहिउद्दीन ने कहा स्थिति का जायजा लेने के लिए अधिकारियों की एक टीम मौके पर भेजी गई है।
उधर, गुरेज की तुलैल घाटी में बुधवार को ज़ादीगे य नाले के पास बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। इससे किलशेय–जादीगे सड़क को भारी नुकसान पहुंचा और किशनगंगा नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। प्रशासन ने स्थिति पर कड़ी निगरानी रखते हुए अलर्ट जारी कर दिया है।
अधिकारियों के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने या रिहायशी मकानों को नुकसान की सूचना नहीं है। तुलैल के तहसीलदार जावेद अहमद डार ने बताया कि क्षति का आकलन करने और क्षतिग्रस्त सड़क को जल्द बहाल करने के लिए टीमें तैनात की जाएंगी। साथ ही किशनगंगा नाले के बढ़ते जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।
एहतियात के तौर पर नालों और संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, कारगिल में शाफत नाले में आई बाढ़ के कारण ज़ांस्कर–कारगिल मार्ग भी बुधवार को बंद हो गया। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (डीईओसी) के अनुसार, अचानक आई बाढ़ के साथ भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रशासन ने बताया कि सड़क से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने का कार्य जारी है। यात्रियों से अपील की गई है कि सड़क पूरी तरह साफ होने तक इस मार्ग पर यात्रा से बचें और ताजा जानकारी के लिए स्थानीय प्रशासन के संपर्क में रहें।
