यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 28, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
महबूबा सरकार में मंत्री रहे हसन ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाया शापिंग कांप्लेक्स, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर
राजस्व विभाग ने दक्षिण कश्मीर के शोपियां में पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की सरकार में मंत्री रहे गुलाम हसन खान ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर: सरकारी जमीनों पर कब्जे करने वाले रसूखदारों पर जम्मू कश्मीर प्रशासन की कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को राजस्व विभाग ने दक्षिण कश्मीर के शोपियां में पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की सरकार में मंत्री रहे गुलाम हसन खान द्वारा सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाए गए एक शापिंग कांप्लेक्स को गिरा दिया।
इस समय गुलाम हसन जम्मू कश्मीर अपनी पार्टी में हैं। इससे पहले बुधवार को राजस्व विभाग ने श्रीनगर एयरपोर्ट से कुछ ही दूरी पर हुमहामा में स्थित नेशनल कांफ्रेंस के महासचिव अली मोहम्मद सागर के मकान को गिराकर कब्जाई गई दो कनाल सरकारी जमीन को मुक्त कराया गया था।
अपने प्रभाव के इस्तेमाल से बनाया शापिंग कांप्लेक्स
राजस्व विभाग के अधिकारियों ने पुलिस दल के साथ मिलकर शोपियां के मुख्य बाजार में सरकारी जमीन पर निर्मित चार दुकानों पर आधारित एक शापिंग कांप्लेक्स को गिरा दिया। इसके बाद उक्त भूमि पर सरकारी जमीन का बोर्ड लगा दिया गया।
संबंधित अधिकारियों ने बताया कि मुख्य बाजार में यह शापिंग कांप्लेक्स पूर्व मंत्री गुलाम हसन खान ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर बना रखा था। वह पीडीपी-कांग्रेस के शासनकाल में पीडीपी की तरफ से समाज कल्याण राज्यमंत्री थे।
31 जनवरी तक अतिक्रमण हटाने का निर्देश
हसन ने वर्ष 2002 में शोपियां से चुनाव जीता था। उनका नाम वर्ष 2006 में कश्मीर के बहुचर्चित स्केंडल में भी आया था। जम्मू कश्मीर प्रशासन ने सभी जिला उपायुक्तों को 31 जनवरी तक अपने कार्याधिकार क्षेत्र में सरकारी, सामुदायिक और वनीय भूमि पर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया है।
इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को कहा गया है कि वह किसी गरीब आदमी को इस अभियान की आड़ में तंग न करें और किसी भी रसूखदार को बख्शा नहीं जाए।
यह भी पढ़ें - उमर के करीबी NC नेता सागर के घर चला बुलडोजर, श्रीनगर एयरपोर्ट से 600 मीटर की दूरी पर, सरकारी जमीन पर था कब्जा
