विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उमर के करीबी NC नेता सागर के घर चला बुलडोजर, श्रीनगर एयरपोर्ट से 600 मीटर की दूरी पर, सरकारी जमीन पर था कब्जा

By Jagran NewsEdited By: Jagran News Network
Published: Thu, 26 Jan 2023 12:06 PM (IST)

नेशनल कान्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला के करीबी एवं पार्टी महासचिव अली मोहम्मद सागर के मकान पर प्रशासन ने बुधवार ...और पढ़ें

नेशनल कांफ्रेंस नेता अली मोहम्मद सागर के मकान को ढहाता बुलडोजर l
नेशनल कांफ्रेंस नेता अली मोहम्मद सागर के मकान को ढहाता बुलडोजर l

श्रीनगर, जागरण संवाददाता। नेशनल कान्फ्रेंस (नेकां) के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला के करीबी एवं पार्टी महासचिव अली मोहम्मद सागर के मकान पर प्रशासन ने बुधवार को बुलडोजर चलवाया। यह मकान सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाया गया था।

इसके साथ ही राजस्व विभाग ने उक्त जमीन पर काहचराई (घास का मैदन) का एक बोर्ड भी लगा दिया है। सरकार द्वारा अतिक्रमण विरोधी अभियान में किसी प्रभावशाली नेता के खिलाफ कार्रवाई का यह पहला मामला है।

वहीं नेकां नेता के स्वजन ने इसे राजनीतिक बदले की भावना से की गई कार्रवाई बताते हुए कहा कि किसी जमीन पर कब्जा नहीं किया गया था। मालिकाना जमीन पर ही निर्माण था, जिसे काहचराई जमीन पर अतिक्रमण बताकर गिरा दिया गया, नोटिस भी नहीं दिया गया।

उपराज्यपाल ने कहा- सूखदारों को नहीं बख्शा जाए

बता दें कि प्रदेश प्रशासन ने सभी जिला उपायुक्तों को सरकारी, सामुदायिक, शामलात व काहचराई जमीन पर हुए अतिक्रमण को 31 जनवरी 2023 तक हटाने का निर्देश दे रखा है। इसी के तहत हर जिले में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दे रखा है कि इस अभियान में रसूखदारों को नहीं बख्शा जाए, लेकिन किसी गरीबों को तंग नहीं किया जाए। अली मोहम्मद सागर ने हुमहामा में श्रीनगर एयरपोर्ट को श्रीनगर शहर से जोड़ने वाली सड़क पर ही मकान बना रखा है।

जिस जमीन पर मकान बनाया, वह उनकी पत्नी के नाम

यह मकान श्रीनगर एयरपोर्ट के बाहरी गेट से लगभग 600 मीटर की दूरी पर है। यह पूरा क्षेत्र बड़गाम जिले में आता है। उन्होंने जिस जमीन पर मकान बना रखा है, वह उनकी पत्नी के नाम पर है। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मकान के साथ ही काहचराई की भूमि है, जिस पर नेकां नेता के स्वजन ने कब्जा कर उसे अपनी मालिकाना जमीन में मिलाकर चहारदिवारी कर दी थी।

हमने मकान का पूरा नक्शा पास कराया

इसके अलावा इस भूमि पर एक कमरा भी बना लिया था। सरकार ने इसी जमीन को मुक्त कराया है। नेकां महासचिव के पुत्र सलमान सागर ने कहा कि जिसे काहचराई की जमीन बताया जा रहा है, वह एक मालिकाना जमीन है और मेरी मां के नाम पर है। इस पर बनाया गया कमरा सुरक्षाकर्मियों के लिए था। इस जमीन प्रशासन की अनुमति और सभी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद निर्माण किया गया। हमने मकान का पूरा नक्शा पास कराया है।

राजनीतिक बदले की भावना से की गई कार्रवाई

नक्शो में पूरी जगह का उल्लेख है और कहां चहारदीवारी बननी है, कहां सुरक्षा दस्ते के लिए कमरा बनना है। अगर काहचराई की जमीन होती तो नक्शा पास नहीं होता। अगर हमने अतिक्रमण किया होता तो हमें जरूर कोई नोटिस दिया जाता। उन्होंने कहा कि नोटिस नहीं दिया गया और यह कार्रवाई तब की गई जब घर पर कोई नहीं था। यह राजनीतिक बदले के भावना से की गई कार्रवाई है।