विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुलमर्ग में पहली बार '12 के रन', 29 नवंबर को 120 धावक लगाएंगे दौड़; विजेताओं को नकद इनाम

Published: Tue, 10 Nov 2026 12:08 PM (IST)

गुलमर्ग में 29 नवंबर को पहली बार 'गुलमर्ग 12 के रन' का आयोजन होगा, जिसमें करीब 120 धावक हिस्सा लेंगे। ...और पढ़ें

गुलमर्ग की वादियों में पहली बार दौड़ेंगे 120 धावक। (AI Generated)

गुलमर्ग की वादियों में पहली बार दौड़ेंगे 120 धावक। (AI Generated)

HighLights

  1. गुलमर्ग में 29 नवंबर को पहली बार 12 किलोमीटर की दौड़।

  2. युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त कश्मीर हेतु प्रेरित करना।

  3. गुलमर्ग को सालभर के खेल पर्यटन केंद्र के रूप में बढ़ावा देना।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर की खूबसूरत वादियों में अब पर्यटन के साथ खेल और फिटनेस का रोमांच देखने को मिलेगा। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में आगामी 29 नवंबर को पहली बार 'गुलमर्ग 12 के रन' का आयोजन किया जा रहा है। इस दौड़ में घाटी के विभिन्न इलाकों से करीब 120 धावकों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को दौड़ने के लिए प्रेरित करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देना और नशामुक्त कश्मीर के निर्माण में योगदान देना है।

आयोजकों के अनुसार, दौड़ की शुरुआत सुबह नौ बजे पाइन पैलेस रिसार्ट, गुलमर्ग से होगी और प्रतिभागी गुलमर्ग बाउल रोड पर निर्धारित मार्ग पर दौड़ेंगे। प्रस्तावित रूट में लगभग छह किलोमीटर या इससे अधिक का एक लूप बनाया जाएगा, जिसे धावक दो बार पूरा करेंगे।

इस तरह कुल दूरी 12 किलोमीटर से अधिक हो सकती है। हालांकि, अंतिम दूरी और मार्ग का निर्धारण तकनीकी निरीक्षण तथा संबंधित अधिकारियों से विचार-विमर्श के बाद किया जाएगा।

ओपन सीनियर पुरुष वर्ग में 120 धावकों को मिलेगा मौका

इस प्रतियोगिता में फिलहाल ओपन सीनियर पुरुष वर्ग रखा गया है और प्रतिभागियों की संख्या 120 तक सीमित रहेगी। आयोजन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।

दौड़ पूरी करने वाले सभी प्रतिभागियों को फिनिशर मेडल दिए जाएंगे, जबकि शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाले धावकों को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

स्पोर्ट्स टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

इस आयोजन को गुलमर्ग विकास प्राधिकरण का समर्थन प्राप्त है, जबकि एमएंडको और पाइन पैलेस रिसार्ट भी इसमें सहयोग कर रहे हैं। आयोजकों का कहना है कि इस पहल से गुलमर्ग को केवल शीतकालीन पर्यटन स्थल तक सीमित रखने के बजाय सालभर आउटडोर खेल, फिटनेस और स्पोर्ट्स टूरिज्म के केंद्र के रूप में पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।

यह आयोजन कश्मीर में तेजी से विकसित हो रही रनिंग संस्कृति को मजबूत करने और सामुदायिक स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में भी अहम कदम माना जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।