प्रदर्शन कर रहे अस्थायी कर्मचारी हिरासत में
प्रदर्शन करने वालों में सिचाई पर्यटन बागबानी समेत विभिन्न विभागों के अस्थायी कर्मचारी हैं। इन कर्मचारियों ने बीते दिनों चेतावनी दी थी कि मांगों पर गौर न करने पर प्रदर्शन तेज किया जाएगा।
संवाद सहयोगी, श्रीनगर: सेवाओं को नियमित करने, वेतन विसंगतियों को दूर करने और न्यूनतम मजदूरी अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को श्रीनगर में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने राजभवन का घेराव करने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने विफल कर दिया। इस दौरान करीब दो दर्जन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। देर शाम तक इन्हें छोड़ा नहीं गया था।
प्रदर्शन करने वालों में सिचाई, पर्यटन, बागबानी समेत विभिन्न विभागों के अस्थायी कर्मचारी हैं। इन कर्मचारियों ने बीते दिनों चेतावनी दी थी कि मांगों पर गौर न करने पर प्रदर्शन तेज किया जाएगा। इसी मुद्दे को लेकर बुधवार को सैकड़ों कर्मचारी श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर पार्क में लामबंद हुए। यहां से वह राजभवन का घेराव करने के लिए वह गुपकार इलाके की तरफ चलने लगे। पार्क के बाहर पुलिस तैनात थी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने नहीं दिया। कर्मचारी नहीं माने तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। उन पर पानी की बौछार की। इसी दौरान दो दर्जन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया।