कौन हैं रूवा शाह? गिलानी की नातिन की राजनीति में एंट्री की तैयारी, महबूबा ने खोले पीडीपी के दरवाजे
दिवंगत अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी की नातिन रूवा शाह अब मुख्यधारा की राजनीति में कदम रखने की तैयारी ...और पढ़ें

गिलानी की नातिन रूवा शाह को पीडीपी में आने का न्योता। (फाइल फोटो)
HighLights
गिलानी की नातिन रूवा शाह पीडीपी में शामिल होने को तैयार।
महबूबा मुफ्ती ने रूवा को पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया।
रूवा ने हाल ही में अलगाववादी विचारधारा से सार्वजनिक दूरी बनाई।
नवीन नवाज, श्रीनगर। इसे वक्त का तकाजा कहें, राजनीतिक सुविधा या विचारधारा में वास्तविक बदलाव, लेकिन कश्मीर की सियासत में एक दिलचस्प घटनाक्रम सामने आ रहा है। पाकिस्तान समर्थक और अलगाववादी राजनीति के प्रमुख चेहरे रहे दिवंगत सैयद अली शाह गिलानी की नातिन रूवा शाह अब मुख्यधारा की राजनीति में कदम रखने की तैयारी में हैं। उनके पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) में शामिल होने की अटकलों के बीच पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने उन्हें खुला निमंत्रण दिया है।
महबूबा ने कहा, 'उनका हमेशा स्वागत है। यह उनका अपना घर और उनकी अपनी पार्टी है। महबूबा जी उन्हें बेटी की तरह मानती हैं।'
यह घटनाक्रम इसलिए सामान्य राजनीतिक खबर नहीं है, क्योंकि रूवा शाह की पहचान केवल एक पत्रकार की नहीं रही है। वह कश्मीर के अलगाववादी आंदोलन के सबसे प्रभावशाली चेहरों में शामिल रहे सैयद अली शाह गिलानी की नातिन और उनके दामाद अल्ताफ अहमद शाह उर्फ अल्ताफ फंटूश की बेटी हैं।
अल्ताफ फंटूश भी हुर्रियत की राजनीति में सक्रिय रहे थे। टेरर फंडिंग से जुड़े मामले में आरोपित अल्ताफ अहमद शाह का अक्टूबर 2022 में तिहाड़ जेल में निधन हो गया था।
कश्मीर पर लेखों से चर्चा में रही रूवा शाह
पेशे से पत्रकार रहीं रूवा शाह की लेखनी और कश्मीर पर उनके विचार भी लंबे समय तक चर्चा में रहे हैं। उन्होंने देशी-विदेशी मीडिया मंचों पर भारत की कश्मीर नीति की तीखी आलोचना की और अपने लेखों में भारतीय शासन व्यवस्था तथा सुरक्षा बलों की भूमिका पर गंभीर आरोप लगाए।
जुलाई 2016 में द न्यूज मिनट में प्रकाशित उनका लेख 'आई ट्राइड टू रन अवे फ्रॉम द रियलिटी इन कश्मीर, बट फेल्ड (डायरी ऑफ अ कश्मीरी रिपोर्टर)' और 13 सितंबर 2019 को अल-जजीरा में प्रकाशित लेख 'इंडियाज़ अग्रेसन इज़ फ्यूलिंग कश्मीरी रेज़िस्टेंस' उनकी तत्कालीन राजनीतिक सोच और सार्वजनिक रुख को समझने के लिए महत्वपूर्ण हैं।
दूसरे लेख का उपशीर्षक था 'नो कश्मीरी विल एवर एक्सेप्ट द एब्रोगेशन ऑफ कश्मीराज़ ऑटोनॉमी।' इन लेखों में उन्होंने कश्मीर को लेकर भारत सरकार की नीतियों और अनुच्छेद 370 हटाने के फैसले का विरोध किया था।
पासपोर्ट जब्ती का मुद्दा भी रहा चर्चा में
उनकी गतिविधियों और विदेश यात्राओं को लेकर भी विवाद रहे हैं। उनके पासपोर्ट पर प्रतिबंध और उसे जब्त किए जाने का मुद्दा भी सामने आया था। फरवरी 2024 में बारामुला में आयोजित पुलिस पब्लिक दरबार में उन्होंने जम्मू-कश्मीर के तत्कालीन पुलिस महानिदेशक आरएस स्वैन के सामने अपना पासपोर्ट वापस दिलाने का मामला उठाया था।
इसके बाद मार्च 2024 में उन्होंने स्थानीय अखबारों में सार्वजनिक नोटिस प्रकाशित कर अपने नाना सैयद अली शाह गिलानी के हुर्रियत कॉन्फ्रेंस गुट से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया।
उन्होंने अलगाववादी विचारधारा के प्रति झुकाव या सहानुभूति नहीं होने की बात कही और स्वयं को भारत का वफादार नागरिक बताते हुए संविधान के प्रति निष्ठा जताई।
जिस सार्वजनिक नोटिस पर उठाए थे सवाल, अब उसी रूवा शाह को न्योता
दिलचस्प यह है कि रूवा शाह के इस सार्वजनिक एलान पर महबूबा मुफ्ती ने उस समय केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे। 26 मार्च 2024 को उन्होंने आरोप लगाया था कि सरकार अलगाववादी नेताओं के परिजनों को प्रताड़ित कर उनसे अपने परिवार और विचारधारा से दूरी जाहिर करवाने के लिए सार्वजनिक नोटिस प्रकाशित करा रही है। महबूबा ने इसे सरकारी दबाव और प्रचार की राजनीति करार दिया था।
अब वही महबूबा मुफ्ती रूवा शाह को अपनी पार्टी में शामिल होने का न्योता दे रही हैं। इस राजनीतिक घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या रूवा शाह का अलगाववादी विरासत से सार्वजनिक तौर पर दूरी बनाने का फैसला अब चुनावी और संवैधानिक राजनीति में उनकी औपचारिक भागीदारी का रास्ता बनेगा? या यह महज एक व्यक्तिगत राजनीतिक विकल्प होगा?
गिलानी परिवार की अगली पीढ़ी पर नजर
गिलानी परिवार दशकों तक कश्मीर की अलगाववादी राजनीति और हुर्रियत आंदोलन के केंद्र में रहा। गिलानी ने अनुच्छेद 370 के मुद्दे पर भारत सरकार के रुख का लगातार विरोध किया और पाकिस्तान समर्थक राजनीतिक नारेबाजी के लिए भी पहचाने गए। ऐसे परिवार की अगली पीढ़ी की सदस्य का किसी स्थापित मुख्यधारा की पार्टी में प्रवेश करना निश्चित रूप से राजनीतिक चर्चा का विषय है।
रूवा शाह की एंट्री से नए राजनीतिक वर्ग तक पहुंच सकती PDP
पीडीपी के लिए भी रूवा शाह का संभावित प्रवेश केवल एक नई सदस्यता का मामला नहीं होगा। पार्टी इसे अपने राजनीतिक दायरे के विस्तार और उन परिवारों तक पहुंच बनाने के अवसर के रूप में देख सकती है, जिनकी पिछली पीढ़ियां अलगाववादी राजनीति से जुड़ी रही हैं।
हालांकि, किसी व्यक्ति के पारिवारिक अतीत को उसके वर्तमान राजनीतिक विचारों का निर्णायक प्रमाण नहीं माना जा सकता। रूवा की राजनीतिक पहचान का आकलन उनके अपने सार्वजनिक बयानों, फैसलों और भावी गतिविधियों से ही होगा।
क्या पीडीपी का न्योता स्वीकार करेंगी रूवा शाह?
फिलहाल, महबूबा मुफ्ती के निमंत्रण ने कश्मीर की सियासत में एक नई बहस जरूर छेड़ दी है। जिस रूवा शाह के सार्वजनिक नोटिस को लेकर महबूबा ने कभी केंद्र सरकार पर दबाव की राजनीति का आरोप लगाया था, अब उसी रूवा के लिए उन्होंने पीडीपी के दरवाजे खोल दिए हैं।
सवाल यह है कि रूवा इस न्योते को स्वीकार कर औपचारिक रूप से मुख्यधारा की राजनीति में उतरती हैं या नहीं। उनके फैसले से यह भी स्पष्ट होगा कि 2024 में अलगाववादी विरासत से घोषित दूरी अब किस राजनीतिक दिशा में आगे बढ़ती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।