बंदूकों और अशांति की सुर्खियों से आगे शोपियां बना स्वच्छ हिमालयी शहर, राष्ट्रीय मंच पर चमका जम्मू-कश्मीर का नाम
शोपियां ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में तीसरा स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर जम्मू-कश्मीर का नाम रोशन किया है।

राष्ट्रपति से पुरस्कार लेते। फोटो जागरण
HighLights
शोपियां ने स्वच्छ सर्वेक्षण में तीसरा स्थान हासिल किया।
क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में जम्मू दूसरे स्थान पर रहा।
नागरिकों और व्यापारियों की भागीदारी से मिली यह सफलता।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। आतंकवाद और अशांति की चुनौतियों के लिए लंबे समय तक चर्चा में रहने वाला दक्षिण कश्मीर का शोपियां अब स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी नई पहचान बना रहा है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में शोपियां ने क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान हासिल कर राष्ट्रीय मंच पर जम्मू-कश्मीर का परचम लहराया है।
इसी श्रेणी में जम्मू दूसरे स्थान पर रहा, जबकि उत्तराखंड के रुद्रपुर ने पहला स्थान हासिल किया। खास बात यह है कि बड़गाम ने भी अलग श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि दर्ज कराई है।
जारी पुरस्कार सूची के अनुसार, बड़गाम को केंद्रशासित प्रदेशों की पांच से अधिक शहरी स्थानीय निकायों वाली श्रेणी में स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी के रूप में स्थान मिला है। इस तरह स्वच्छ सर्वेक्षण में जम्मू, शोपियां और बडगाम की उपलब्धियों ने जम्मू-कश्मीर की शहरी स्वच्छता को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दी है।
नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार प्रदान किए। इन पुरस्कारों के जरिए देशभर के शहरी निकायों के स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया।
बाजारों से शुरू हुई जनभागीदारी की मुहिम
शोपियां म्यूनिसिपल काउंसिल के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर सुहेल अहमद मलिक ने कहा कि यह केवल परिषद के प्रयासों का परिणाम नहीं है। इस उपलब्धि में स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों की भागीदारी भी अहम रही। नगर परिषद शोपियां ने फरवरी 2026 से प्रमुख बाजारों में दुकानदारों के साथ सीधा संवाद अभियान चलाया था।
इस दौरान दुकानदारों को दुकानों के आसपास सफाई रखने, खुले में शौच और पेशाब की रोकथाम तथा ग्राहकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जागरूक किया गया। इसका उद्देश्य स्वच्छता को सरकारी जिम्मेदारी से आगे बढ़ाकर सामूहिक नागरिक दायित्व बनाना था।
मलिक ने कहा कि शोपियां, जम्मू या फिर बड़गाम की उपलब्धियां केवल पुरस्कारों तक सीमित नहीं हैं। ये जम्मू-कश्मीर में शहरी स्वच्छता, प्रशासनिक प्रयासों और नागरिक भागीदारी की बढ़ती भूमिका को भी दर्शाती हैं। अब चुनौती इन उपलब्धियों को स्थायी व्यवस्था में बदलने की है। नियमित कचरा संग्रहण, वैज्ञानिक निस्तारण, बाजारों की सफाई और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही यह राष्ट्रीय पहचान बरकरार रह सकती है।
4751 से अधिक शहरों के बीच हुआ मूल्यांकन
स्वच्छ सर्वेक्षण का यह दसवां संस्करण था। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अनुसार, वर्ष 2016 में 73 शहरी स्थानीय निकायों से शुरू हुआ यह अभियान अब 4751 से अधिक शहरों तक पहुंच चुका है। इस बार 10 प्रमुख क्षेत्रों के 43 संकेतकों पर मूल्यांकन किया गया।
इनमें घर-घर कचरा संग्रहण, गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, जल प्रबंधन, सफाई कर्मचारियों का कल्याण और नागरिकों की प्रतिक्रिया शामिल रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।