जनता से करें हमेशा मित्रवत व्यवहार : पाणि
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : कश्मीर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आइजी) स्वयं प्रकाश पाणि ने सोमवार क
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : कश्मीर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आइजी) स्वयं प्रकाश पाणि ने सोमवार को अधिकारियों व जवानों को आतंकरोधी अभियानों से लेकर कानून व्यवस्था की स्थिति में आम लोगों के प्रति पूरी संवेदनशीलता बरतने और उनके जान माल व सम्मान की सुरक्षा को यकीनी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने यह निर्देश आज जिला गांदरबल में पुलिस अधिकारियों की एक बैठक में दिए।
आइजीपी कश्मीर एसपी पाणि और कश्मीर सेंट्रल रेंज के डीआईजी वीके बिरदी ने गांदरबल का दौरा किया और जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने गांदरबल की कानून व्यवस्था का जायजा लिया। आईजीपी ने अधिकारियों और जवानों से कहा कि वह आम लोगों के साथ हमेशा मित्रवत व्यवहार करें। जनता के साथ संवाद और समन्वय बढ़ाएं, इससे कानून व्यवस्था व शांति बहाल रखने में बहुत मदद मिलेगी लेकिन आतंकियों और राष्ट्रविरोधी तत्वों से सख्ती से निपटें। उन्होंने कहा कि थानों में अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर आने वाले लोगों के मसलों को जल्द हल किया जाए।
आईजीपी ने इस दौरान गांदबरल पुलिस स्टेशन में सीसीटीएनएस परियोजना का भी जायजा लिया। इसके बाद वह खीर भवानी पुलिस स्टेशन और जिला पुलिस लाईन गांदरबल भी गए।