घर गर्म रखने का नया 'कश्मीरी फॉर्मूला', एक स्विच से गर्म होगा फर्श; बंद करने पर भी 5 घंटे रहेगी गर्माहट
कश्मीर में पारंपरिक लकड़ी वाले हमाम की जगह अब इलेक्ट्रिक हमाम तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। ये आधुनिक विकल्प ...और पढ़ें

कश्मीर में बढ़ रहा इलेक्ट्रिक हमाम का चलन। (फोटो- जागरण)
HighLights
पारंपरिक हमाम की जगह इलेक्ट्रिक सिस्टम बन रहा लोकप्रिय।
कम लागत, आसान स्थापना और रखरखाव की सुविधा।
धुएं, राख और लकड़ी के झंझट से मिलती मुक्ति।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर की सर्दियों में घर को गर्म रखने का पारंपरिक तरीका अब धीरे-धीरे बदल रहा है। कभी हर घर की जरूरत माने जाने वाले लकड़ी से गर्म होने वाले हमाम की जगह अब इलेक्ट्रिक हमाम ले रहे हैं। एक दशक पहले तक लोगों के लिए नई तकनीक माने जाने वाले इलेक्ट्रिक हमाम का चलन अब तेजी से बढ़ रहा है। खासकर शहरी और कस्बाई इलाकों में लोग लकड़ी, धुएं और रोजाना की मेहनत से छुटकारा पाने के लिए इस आधुनिक विकल्प को अपना रहे हैं।
कश्मीर में सर्दियों के दौरान तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चला जाता है। ऐसे में घरों को गर्म रखना लोगों की बड़ी जरूरत होती है।
लकड़ी जलाकर गर्म किया जाता है पारंपरिक हमाम
परंपरागत हमाम में फर्श के नीचे पत्थर की पट्टियों के नीचे एक खाली जगह बनाई जाती है, जिसे लकड़ी जलाकर गर्म किया जाता है। यह व्यवस्था वर्षों से कश्मीरी जीवनशैली और सर्दियों का अहम हिस्सा रही है। हालांकि, अब बदलती जरूरतों और बढ़ती लागत ने लोगों को इसका विकल्प तलाशने के लिए प्रेरित किया है।
आधे से भी कम खर्च में तैयार हो रहा इलेक्ट्रिक हमाम
इलेक्ट्रिक हमाम के बढ़ते चलन की सबसे बड़ी वजह इसकी कम लागत है। पारंपरिक लकड़ी वाले हमाम को तैयार करने में एक लाख रुपये से अधिक खर्च आता है, जबकि ज्यादातर घरों में इलेक्ट्रिक हमाम 50 हजार रुपये से कम में स्थापित हो जाता है।
इसमें फर्श या टाइलों के नीचे विशेष इलेक्ट्रिक हीटिंग मैट और केबल लगाए जाते हैं, जो बिजली से गर्मी पैदा करते हैं। इसे नए मकान के साथ-साथ पुराने घरों में भी लगाया जा सकता है। इसकी स्थापना में कुछ घंटे ही लगते हैं, जबकि पारंपरिक हमाम के लिए बड़े स्तर पर निर्माण कार्य करना पड़ता है।
घाटी में इलेक्ट्रिक हमाम की बढ़ी मांग
इलेक्ट्रिक हमाम के कारोबारी आसिफ अहमद के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में इसकी मांग और पूछताछ में लगातार वृद्धि हुई है। घाटी में अब इसके लिए विशेष इंस्टालेशन टीमें काम कर रही हैं।
विभिन्न कंपनियों के ब्रांड और कीमतों के विकल्प उपलब्ध होने से ग्राहकों को अपनी जरूरत और बजट के अनुसार चुनाव करने की सुविधा मिल रही है।
एक स्विच से गर्म फर्श, चार-पांच घंटे तक बनी रहती है गर्मी
इस तकनीक की खासियत यह है कि इसमें तापमान को आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है। फर्श पर समान रूप से गर्मी मिलती है और लकड़ी जलाने की जरूरत नहीं पड़ती। आधुनिक सिस्टम में बेहतर इंसुलेशन किया जाता है, जिससे स्विच बंद करने के बाद भी चार से पांच घंटे तक गर्मी बनी रह सकती है। इससे लगातार बिजली खर्च करने की जरूरत भी कम होती है।
एक अन्य कारोबारी मोहम्मद ओवैस का कहना है कि श्रीनगर जैसे शहरी इलाकों में अच्छी गुणवत्ता की लकड़ी जुटाना अब महंगा और मेहनत वाला काम बन गया है। ऐसे में नए और मरम्मत किए जा रहे मकानों में इलेक्ट्रिक हमाम लोगों की पसंद बन रहे हैं। उनके अनुसार, इसमें रखरखाव की जरूरत भी कम होती है और पूरे फर्श पर एक जैसी गर्मी मिलती है।
धुआं और राख से मुक्ति, बिजली कटौती बनी चुनौती
दो वर्षों से इलेक्ट्रिक हमाम इस्तेमाल कर रहे स्थानीय निवासी खुर्शीद सोफी का कहना है कि इस तकनीक ने सर्दियों में घर गर्म रखने का काम बेहद आसान कर दिया है। इसे केवल एक स्विच दबाकर चलाया जा सकता है। न लकड़ी जमा करने की जरूरत है, न रोज आग जलाने की और न ही राख की सफाई करनी पड़ती है। घर के भीतर धुआं भी नहीं फैलता।
हालांकि, इलेक्ट्रिक हमाम के सामने कुछ चुनौतियां भी हैं। सर्दियों में बिजली की लगातार कटौती और बढ़ती बिजली दरें इसके इस्तेमाल को महंगा बना सकती हैं। इसके बावजूद सोफी का मानना है कि सुविधा, साफ-सफाई और कम मेहनत जैसे फायदे इन कमियों पर भारी पड़ते हैं। इस तरह कश्मीर में सदियों पुरानी हमाम संस्कृति आधुनिक तकनीक के साथ नया रूप ले रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।