कश्मीर के कुपवाड़ा में एलओसी के पास नशे की 6 करोड़ की खेप बरामद, तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में एलओसी के पास 827 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत छह करोड़ रुपये है।
-1795339221886_m.webp)
एलओसी के पास नशे की 6 करोड़ की खेप बरामद। फोटो जागरण
HighLights
एलओसी के पास छह करोड़ की हेरोइन जब्त।
कुपवाड़ा के करनाह क्षेत्र में हुई बड़ी बरामदगी।
पुलिस नशा तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के बीच नियंत्रण रेखा (एलओसी) के नजदीक करीब छह करोड़ रुपये की नशीली सामग्री मिलने से तस्करी के नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के करनाह क्षेत्र में पुलिस ने 827 ग्राम हेरोइन जैसी संदिग्ध नशीली सामग्री बरामद की है। सीमावर्ती इलाके में इतनी बड़ी खेप का मिलना इसलिए भी अहम है, क्योंकि पुलिस अब इसके स्रोत से लेकर आगे आपूर्ति तक की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को करनाह के अमरोही इलाके में घेराबंदी एवं तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान अमरोही निवासी जमीेर अहमद टंच के कब्जे वाले आवासीय परिसर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक काले रंग की पालीथिन में रखी करीब 827 ग्राम संदिग्ध नशीली सामग्री बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब छह करोड़ रुपये बताई गई है।
आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल
इस बरामदगी के बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच का मुख्य केंद्र यह पता लगाना है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीली सामग्री अमरोही तक कैसे पहुंची और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस इसके स्रोत और आगे की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में आगे और पीछे दोनों स्तरों पर कड़ियां खंगाली जा रही हैं, ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
बता दें कि कश्मीर में नशे का कारोबार पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक गंभीर चुनौती बना हुआ है। ऐसे में एलओसी के नजदीक छह करोड़ रुपये मूल्य की संदिग्ध नशीली सामग्री की बरामदगी सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी पर निगरानी और इस कारोबार से जुड़े नेटवर्क की पहचान के महत्व को फिर सामने लाती है।
इस खेप के सीमा पार से आने या किसी विशेष तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की पुलिस ने अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों ने कहा कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इस पर विस्तार से खुलासा किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।