कश्मीर घाटी में दीवाली की धूम, लालचौक से रेजिडेंसी रोड तक बाजार गुलजार; पर्यटकों में भी भारी उत्साह
कश्मीर में दीपावली की तैयारियां जोरों पर हैं, बाजारों में रौनक बढ़ गई है, जहां कश्मीरी हिंदू और पर्यटक खरीदारी ...और पढ़ें

कश्मीर में दीवाली की रौनक देख पर्यटक भी हुए खुश। (AI generated)
HighLights
दीपावली से कश्मीर घाटी के बाजार जगमगा उठे।
कश्मीरी हिंदू और पर्यटक जमकर खरीदारी कर रहे।
अग्निशमन विभाग ने सावधानी बरतने की सलाह दी।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। पूरे देश के साथ कश्मीर घाटी में भी दीपावली की तैयारियां अब अपने चरम पर हैं। धनतेरस पर घाटी के बाजारों में त्योहारी रौनक देखते ही बनी। लालचौक से लेकर रेजिडेंसी रोड तक हर तरफ दीये, मिठाइयों, झालरों और पटाखों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। श्रीनगर के लालचौक, गोनीखन, रीगल चौक, रेजिडेंसी रोड और एमए रोड पर दीपावली की सामग्री के विशेष स्टाल लगाए गए हैं। इन स्टालों पर तरह-तरह के मिट्टी के दीये, रंग-बिरंगी झालरें, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, पटाखे और मिठाइयों की भरमार है।
कश्मीरी हिंदुओं के साथ-साथ घाटी घूमने आए पर्यटक भी जमकर खरीदारी कर रहे हैं। कई पर्यटकों के लिए यह पहला मौका है जब वे कश्मीर में दीपावली मना रहे हैं और वे यहां से दीये, केसर, ड्राई फ्रूट्स और कश्मीरी शाल खरीदकर ले जा रहे हैं।
धनतेरस पर दुकानों पर दिनभर लगी रही भीड़
धनतेरस पर शुक्रवार को कश्मीरी हिंदू परिवारों ने शुभ मुहूर्त में आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रानिक सामान और घरेलू जरूरत की अन्य वस्तुएं खरीदीं। जौहरियों की दुकानों पर सोने-चांदी के सिक्कों और हल्की ज्वेलरी की विशेष मांग देखी गई। बर्तन बाजार में भी दिनभर चहल-पहल बनी रही।
दुकानदारों का कहना है कि इस बार पिछले साल के मुकाबले ग्राहकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। पर्व को लेकर घाटी के मंदिरों को भी विशेष रूप से सजाया गया है।
मंदिरों में रोशनी और बाजारों में मिठाइयों की बहार
लालचौक के हरी सिंह हाई स्ट्रीट स्थित श्री हनुमान मंदिर को दीयों और बिजली की रंगीन झालरों से दुल्हन की तरह सजाया गया है। इसके अलावा इंदिरा नगर, जवाहर नगर, बारामुला, अनंतनाग और बड़गाम के मंदिरों में भी दीपावली के लिए विशेष पूजा-अर्चना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शाम होते ही मंदिरों में झालरों की रोशनी से पूरा इलाका जगमगा उठता है।
दुकानदारों के अनुसार, इस बार बाजार में पर्यावरण-अनुकूल दीयों और कश्मीरी कारीगरों द्वारा बनाए गए सजावटी सामान की मांग ज्यादा है। मिट्टी के दीयों के साथ-साथ इलेक्ट्रिक दीये, फैंसी लाइट्स और घर सजाने के सामान की बिक्री भी जोरों पर है।
मिठाई की दुकानों पर भी सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं। कश्मीरी हिंदू परिवारों के लिए पारंपरिक मिठाइयों के साथ-साथ काजू कतली, लड्डू और गुलाब जामुन की विशेष मांग है।
अग्निशमन विभाग की अपील
इस बीच, अग्निशमन विभाग ने लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए पर्व को सावधानी से मनाने की अपील की है। विभाग ने सर्दी के मौसम में आग से बचाव के लिए एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने कहा है कि बिजली, केरोसीन और गैस से चलने वाले उपकरणों का सही इस्तेमाल करें। पटाखे और दीये सावधानी से जलाएं।
लोगों से सही क्षमता वाले सेफ्टी डिवाइस इस्तेमाल करने और खराब वायरिंग को किसी योग्य इलेक्ट्रीशियन से ही ठीक करवाने को कहा गया है। बिजली के तारों को गर्म सतह, पानी और नमी वाली जगहों से दूर रखने की भी सलाह दी गई है।
एडवाइजरी में कहा गया है कि घर के भीतर या हीटिंग उपकरणों के पास सूखी घास, जलावन की लकड़ी, पुआल, कागज और अन्य ज्वलनशील चीजें जमा न करें। खाना पकाते समय उसे अकेला न छोड़ें और ज्वलनशील वस्तुओं को खुली लपटों से दूर रखें। हीटर और बुखारी के ऊपर या पास कपड़े-कंबल न सुखाएं। जलती सिगरेट या माचिस की तीली लापरवाही से न फेंकें।
विभाग ने हीटिंग और खाना पकाने की जगहों के पास फायर एक्सटिंग्विशर तथा पानी या रेत से भरी बाल्टियां तैयार रखने को कहा है। सीढ़ियां, गलियारे और बाहर निकलने के रास्ते भी खाली रखने की सलाह दी गई है।
दीपावली पर पटाखे जलाते समय बरतें सावधानी
विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि सर्दी में आग की घटनाएं बढ़ जाती हैं और ऐसी घटनाओं के 99 प्रतिशत मामलों में कारण लापरवाही होती है।
उन्होंने कहा कि दीपावली पर पटाखे खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं, ताकि चिंगारियां किसी जोखिम वाली जगह पर न पहुंचें। दीयों का इस्तेमाल भी सावधानी से करें। अधिकारी के अनुसार, सुरक्षित तरीके से पर्व मनाने पर ही दीपावली की खुशियां बढ़ेंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।