विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी ने अपनी ही पार्टी के MLA से नहीं मिलाया हाथ, समर्थन में उतरी BJP; वायरल वीडियो से छिड़ी सियासी बहस

Published: Wed, 18 Nov 2026 10:01 PM (IST)

उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और विधायक मियां मेहर अली के बीच अभिवादन को लेकर एक वायरल वीडियो ने जम्मू-कश्मीर की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।

डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी ने अपनी ही पार्टी के MLA से नहीं मिलाया हाथ। वीडियो से ली गई तस्वीर

डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी ने अपनी ही पार्टी के MLA से नहीं मिलाया हाथ। वीडियो से ली गई तस्वीर

HighLights

  1. उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने विधायक मियां मेहर अली से हाथ नहीं मिलाया।

  2. वायरल वीडियो पर रविंदर रैना ने मियां मेहर अली का समर्थन किया।

  3. रैना ने मियां मेहर अली को 'जम्मू-कश्मीर की शान' बताया।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर की राजनीति में एक वायरल वीडियो ने नई बहस छेड़ दी है। जम्मू में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और कंगन के विधायक मियां मेहर अली के बीच अभिवादन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

वीडियो में उपमुख्यमंत्री अपनी ही पार्टी के विधायक मियां मेहर अली से हाथ मिलाए बिना आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। इस घटनाक्रम के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता रविंदर रैना ने विधायक के समर्थन में वीडियो साझा कर उन्हें 'जम्मू-कश्मीर की शान' बताया है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना जम्मू में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी जब नेताओं और विधायकों से मुलाकात कर रहे थे, तब नेशनल कांफ्रेंस के विधायक नजीर गुरेजी और मियां मेहर अली उनका अभिवादन करने के लिए खड़े हुए।

इंटरनेट मीडिया पर उठने लगे सवाल

वीडियो में उपमुख्यमंत्री नजीर गुरेजी से हाथ मिलाते नजर आते हैं, लेकिन मियां मेहर अली की ओर से हाथ बढ़ाए जाने के बावजूद उनसे हाथ मिलाए बिना आगे निकल जाते हैं। वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट मीडिया पर इस व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे।

विवाद के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता रविंदर रैना ने अपने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया। इसमें उन्होंने मियां मेहर अली द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें 'जम्मू-कश्मीर की शान' बताया। खास बात यह है कि मियां मेहर अली नेशनल कांफ्रेंस के विधायक हैं, जबकि रैना भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं।

विभाग वापस लेने की मांग भी शामिल

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब नेशनल कांफ्रेंस के भीतर भी असंतोष की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। हाल ही में पार्टी के कई विधायकों ने नेतृत्व के सामने आठ सूत्रीय मांगें रखी थीं। इनमें मंत्रिमंडल के पुनर्गठन और उपमुख्यमंत्री से सड़क एवं भवन विभाग वापस लेने की मांग भी शामिल थी।

फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, इस घटना पर उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी की ओर से कोई अधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।