दिल्ली लाल किला ब्लास्ट केस: कश्मीर में आतंकी डॉक्टर अदील के घर NIA का छापा, अस्पताल से बरामद हुई थी AK-47
एनआईए ने नवंबर 2025 के लाल किला वाहन विस्फोट मामले में दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में अदील माजिद राथर के ...और पढ़ें

कश्मीर में आतंकी डॉक्टर अदील के घर NIA का छापा। फोटो जागरण
HighLights
एनआईए ने लाल किला विस्फोट मामले में काजीगुंड में तलाशी ली।
अदील माजिद राथर के घर पर एक घंटे तक जांच हुई।
'व्हाइट कॉलर' आतंकी मॉड्यूल से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। नवंबर 2025 में दिल्ली के लाल किले के बाहर हुए वाहन विस्फोट की जांच के सिलसिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने सोमवार को दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में कथित ‘व्हाइट कालर’ आतंकी माड्यूल के सदस्य अदील माजिद राथर के घर तलाशी ली।
एनआईए की टीम ने करीब एक घंटे तक उसके आवास में जांच की। हालांकि, तलाशी के दौरान क्या बरामद हुआ और जांच एजेंसी को कौन से नए सुराग मिले, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि 10 नवंबर 2025 को दिल्ली में लाल किले के बाहर एक वाहन में विस्फोट हुआ था। इस घटना में एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए थे। विस्फोट में आत्मघाती आतंकी डा. उमर उन नबी भी मारा गया था। यह घटना अदील माजिद राथर की गिरफ्तारी के करीब तीन दिन बाद हुई थी।
गतिविधियों की पड़ताल
विस्फोट के बाद सुरक्षा और जांच एजेंसियों ने संभावित आतंकी नेटवर्क की जांच तेज कर दी थी। इसी क्रम में सामने आए कथित ‘व्हाइट कालर’ टेरर माड्यूल से जुड़े लोगों और उनकी गतिविधियों की भी पड़ताल शुरू की गई।
अदील माजिद राथर को सात नवंबर 2025 को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया था। उस पर श्रीनगर में धमकी भरे पोस्टर लगाने का आरोप था। उसकी गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को कथित आतंकी माड्यूल से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले थे।
इनके आधार पर फरीदाबाद और सहारनपुर में कार्रवाई के दौरान करीब 2,900 किलोग्राम आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, असॉल्ट राइफलें और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई थी।
आतंकी गतिविधियों में शामिल होने की बात
सहारनपुर के एक अस्पताल में नियुक्त होने से पहले डा. अदील राथर अनंतनाग स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज में कार्यरत था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक लॉकर से एक एके-47 राइफल भी बरामद की थी। जांच के दौरान माड्यूल से जुड़े कुछ डॉक्टरों के कथित तौर पर आतंकी गतिविधियों में शामिल होने की बात सामने आई थी।
एनआइए की यह कार्रवाई लाल किला विस्फोट और उससे जुड़े कथित आतंकी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
