विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आधी रात को डल झील में डूबने लगी हाउसबोट, देवदूत बनकर पहुंची CRPF-SDRF; जवानों ने ऐसे टाला हादसा

Published: Fri, 27 Nov 2026 12:01 PM (IST)

गुरुवार देर रात श्रीनगर की डल झील में एक हाउसबोट डूबने से बाल-बाल बची। त्वरित बचाव अभियान के कारण सीआरपीएफ, रिवर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने इसे पूरी तरह डूबने से बचा लिया।

डल झील में डूबती हाउसबोट को त्वरित बचाव कार्य से बचाया गया। (फोटो- इंटरनेट मीडिया)

डल झील में डूबती हाउसबोट को त्वरित बचाव कार्य से बचाया गया। (फोटो- इंटरनेट मीडिया)

HighLights

  1. डल झील में डूबती हाउसबोट को सफलतापूर्वक बचाया गया।

  2. सीआरपीएफ, पुलिस, एसडीआरएफ ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

  3. समय पर सूचना और बेहतर समन्वय से बड़ा नुकसान टला।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। डल झील में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब घाट नंबर छह के पास पानी भरने से धीरे-धीरे डूब रही एक हाउसबोट को त्वरित बचाव अभियान चलाकर बचा लिया गया। सूचना मिलते ही बचाव टीमें हरकत में आईं और घंटों की मशक्कत के बाद हाउसबोट को पूरी तरह डूबने से बचा लिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, देर रात जानकारी मिली कि घाट नंबर छह के पास एक हाउसबोट में पानी भर रहा है और वह धीरे-धीरे झील में बैठ रही है। सूचना मिलते ही सीआरपीएफ की सी/144 बटालियन, रिवर पुलिस, एसडीआरएफ और फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीमें डी-वाटरिंग पंप और अन्य आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गईं।

ठंड और अंधेरे में भी डटे रहे बचावकर्मी

मौके पर पहुंची टीमों ने बिना समय गंवाए समन्वय के साथ काम शुरू किया। एक टीम हाउसबोट से पानी निकालने में जुट गई, तो दूसरी टीम हाउसबोट में रखा सामान सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने लगी। ठंड और अंधेरे के बावजूद बचावकर्मी लगातार काम करते रहे। काफी देर तक चले अभियान के बाद हाउसबोट से पानी निकाल लिया गया और उसे स्थिर किया गया, जिससे आगे का नुकसान टल गया।

थोड़ी देर और होती तो पूरी तरह डूब सकती थी हाउसबोट

अधिकारियों ने बताया कि समय पर सूचना और सभी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल के कारण ही हाउसबोट को बचाया जा सका। यदि थोड़ी भी देर होती तो हाउसबोट पूरी तरह डूब सकती थी, जिससे भारी आर्थिक नुकसान होता।

हाउसबोट मालिकों ने भी बचाव टीमों का आभार व्यक्त किया और कहा कि रात के समय हुई इस त्वरित कार्रवाई ने उनकी वर्षों की मेहनत को डूबने से बचा लिया।

डल झील की पहचान है हाउसबोट

आपको बता दें कि डल झील श्रीनगर की पहचान है और यहां सैकड़ों हाउसबोट पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र हैं। सर्दियों के मौसम में झील में पानी का स्तर, ठंड और पुरानी हाउसबोटों की मरम्मत की समस्या कई बार इस तरह की घटनाओं का कारण बन जाती है।

हाउसबोट मालिकों का कहना है कि समय-समय पर मरम्मत और रखरखाव न होने पर लकड़ी के तख्तों से पानी रिसने लगता है, जिससे हाउसबोट के डूबने का खतरा बढ़ जाता है।

हाउसबोट्स की नियमित जांच और मरम्मत कराने की अपील

इस घटना के बाद प्रशासन ने भी हाउसबोट मालिकों से अपील की है कि वे अपनी हाउसबोटों की नियमित जांच और मरम्मत कराएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। साथ ही झील के आसपास तैनात बचाव टीमों को भी अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

स्थानीय लोगों ने इस सफल बचाव अभियान की सराहना की है। उनका कहना है कि सभी विभागों ने जिस तरह एकजुट होकर काम किया, वह काबिले तारीफ है। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि त्वरित सूचना और आपसी समन्वय से किसी भी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।