विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर को झटका, देरी से ₹5,737 करोड़ बढ़ी चिनाब के 4 पावर प्रोजेक्ट्स की लागत; अब कब पूरी होंगी परियोजनाएं?

By Naveen NawazEdited By: Dallu Slathia
Published: Mon, 23 Nov 2026 11:50 AM (IST)

जम्मू-कश्मीर में चिनाब की चार जलविद्युत परियोजनाओं में देरी और लागत में ₹5,737 करोड़ की वृद्धि हुई है। पकल दुल-किरू अंतिम चरण में हैं, जबकि रतले-क्वार का काम धीमा है, जिससे राज्य की ऊर्जा क्षमता बढ़ाने की योजना प्रभावित हुई है।

तय समय पर पूरे नहीं हो पाए जम्मू-कश्मीर के 3014 मेगावाट के बिजली प्रोजेक्ट्स। (फाइल फोटो)

तय समय पर पूरे नहीं हो पाए जम्मू-कश्मीर के 3014 मेगावाट के बिजली प्रोजेक्ट्स। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. चिनाब की चार परियोजनाओं में ₹5,737 करोड़ की लागत वृद्धि।

  2. पकल दुल, किरू परियोजनाएं अंतिम चरण में, रतले, क्वार धीमी।

  3. कोविड, भूमि विवाद, बाढ़ देरी के प्रमुख कारण।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में जलविद्युत उत्पादन क्षमता बढ़ाने की योजना को चिनाब बेसिन में निर्माणाधीन चार प्रमुख परियोजनाओं की धीमी रफ्तार से झटका लगा है। कुल 3014 मेगावाट क्षमता वाली इन परियोजनाओं में पकल दुल और किरू का निर्माण जहां अंतिम चरण में पहुंच चुका है, वहीं रतले और क्वार परियोजनाओं का काम अब तक 42 प्रतिशत का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाया है। निर्माण में देरी के साथ परियोजनाओं की लागत में भी भारी वृद्धि हुई है। चारों परियोजनाओं की संयुक्त अनुमानित लागत मूल आकलन के मुकाबले 5,737.29 करोड़ रुपये बढ़ गई है।

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (मॉस्पी) की सितंबर 2026 की फ्लैश रिपोर्ट के अनुसार, चारों परियोजनाओं की मूल अनुमानित लागत 22,207.77 करोड़ रुपये थी, जिसे संशोधित कर 27,945.06 करोड़ रुपये कर दिया गया है।

इन परियोजनाओं पर अब तक 18,078.10 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। रिपोर्ट में शामिल आंकड़े 23 अक्टूबर 2026 तक प्राप्त जानकारी पर आधारित हैं।

पकल दुल और किरू में निर्माण अंतिम चरण में

चारों परियोजनाओं में 1000 मेगावाट क्षमता वाली पकल दुल और 624 मेगावाट की किरू परियोजना ने निर्माण के लिहाज से अपेक्षाकृत बेहतर प्रगति दर्ज की है। पकल दुल का 89 प्रतिशत, जबकि किरू का 92.10 प्रतिशत भौतिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

एनएचपीसी के माध्यम से चिनाब वैली पावर प्रोजेक्ट्स लिमिटेड (सीवीपीपीएल) द्वारा निष्पादित पकल दुल परियोजना पर अब तक 10,038.05 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। परियोजना की मूल अनुमानित लागत 8,112.12 करोड़ रुपये थी, जो बढ़कर 12,728 करोड़ रुपये हो गई है। इस प्रकार इसकी लागत में 4,615.88 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है।

किरू परियोजना की लागत 1,121 करोड़ रुपये बढ़ी

इसी तरह, किरू परियोजना की मूल लागत 4,287.59 करोड़ रुपये से बढ़कर 5,409 करोड़ रुपये हो गई है। इस पर अब तक 4,196.07 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। परियोजना की लागत में 1,121.41 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

मॉस्पी की रिपोर्ट में दोनों परियोजनाओं के लिए दिसंबर 2026 की संशोधित पूर्णता समयसीमा निर्धारित की गई है। हालांकि, एनएचपीसी ने 5 नवंबर को आयोजित निवेशक कॉन्फ्रेंस कॉल में इनके कमीशनिंग कार्यक्रम को लेकर अलग समयसीमा साझा की है।

कंपनी के अनुसार, पकल दुल परियोजना के दो यूनिट मार्च 2027 तक चालू करने और पूरी परियोजना को जून 2027 तक कमीशन करने का लक्ष्य है। इसके जलाशय में पानी भरने की प्रक्रिया दिसंबर 2026 के अंत तक शुरू करने की योजना है। वहीं, किरू परियोजना के जलाशय में पानी भरने की प्रक्रिया नवंबर 2026 में शुरू करने और सभी यूनिट मार्च 2027 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।

रतले और क्वार परियोजनाओं की धीमी प्रगति चुनौती

पकल दुल और किरू के मुकाबले 850 मेगावाट की रतले तथा 540 मेगावाट की क्वार परियोजनाओं का निर्माण काफी पीछे चल रहा है।

रतले परियोजना का अब तक केवल 33.14 प्रतिशत भौतिक निर्माण कार्य पूरा हुआ है। फरवरी 2026 में पूरी होने वाली इस परियोजना की संशोधित समयसीमा अब नवंबर 2028 निर्धारित की गई है। इस पर अब तक 1,743.87 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जबकि इसकी अनुमानित लागत 5,281.94 करोड़ रुपये है।

एनएचपीसी ने निवेशकों को जानकारी दी है कि रतले परियोजना में बांध के कंक्रीट निर्माण का कार्य 2 नवंबर 2026 को शुरू हुआ। कंपनी ने नवंबर 2028 तक परियोजना पूरी करने का लक्ष्य रखा है।

दूसरी ओर, 540 मेगावाट क्षमता वाली क्वार परियोजना का भौतिक निर्माण 41.55 प्रतिशत पूरा हुआ है। इस पर अब तक 2,100.11 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जबकि इसकी अनुमानित लागत 4,526.12 करोड़ रुपये है। परियोजना की मूल पूर्णता समयसीमा नवंबर 2026 थी, जिसे मॉस्पी की रिपोर्ट में संशोधित कर मार्च 2028 कर दिया गया है। हालांकि, एनएचपीसी की निवेशक कॉन्फ्रेंस कॉल में मई 2028 तक इसके कमीशन होने का कार्यक्रम बताया गया है।

उल्लेखनीय है कि पकल दुल और किरू के विपरीत रतले और क्वार परियोजनाओं की अनुमानित लागत में नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार कोई वृद्धि दर्ज नहीं की गई है।

कोविड, बाढ़ और भूमि संबंधी अड़चनें बनीं देरी की वजह

केंद्र सरकार ने 20 जुलाई 2026 को राज्यसभा में दिए गए लिखित जवाब में इन चारों परियोजनाओं के निर्माण में देरी के पीछे कई तकनीकी, प्रशासनिक और स्थानीय कारणों का उल्लेख किया था।

पकल दुल परियोजना में टेंडर प्रक्रिया के दौरान अदालती मामला, कोविड महामारी, टनल बोरिंग मशीन के एडिट टनल स्थल पर पहाड़ी ढलान का धंसना, श्रमिक संगठनों की हड़ताल, मशीनों का बार-बार बंद होना और बाधामुक्त भूमि उपलब्ध कराने में देरी प्रमुख बाधाएं रहीं। इसके अलावा स्थानीय निवासियों और परियोजना प्रभावित परिवारों के विरोध से भी निर्माण कार्य प्रभावित हुआ।

किरू परियोजना में बाढ़ के कारण सड़कों को नुकसान, सड़क संपर्क बाधित होने, श्रमिकों की हड़ताल और कोविड महामारी के दौरान विभिन्न देशों से डैम टावर क्रेन के पुर्जों की आपूर्ति में देरी ने काम की गति प्रभावित की।

रतले परियोजना में मानसून के दौरान चिनाब नदी में अत्यधिक जलप्रवाह, तटबंधों के क्षतिग्रस्त होने, डायवर्जन टनल में बाढ़, आबादी वाले क्षेत्रों के निकट ब्लास्टिंग पर प्रतिबंध और भूमि संबंधी विवाद निर्माण में प्रमुख बाधाएं बने।

वहीं, क्वार परियोजना में हाइड्रो-मैकेनिकल और इलेक्ट्रो-मैकेनिकल कार्यों के ठेके आवंटित करने में देरी, श्रमिकों की हड़ताल और कार्यस्थल पर बार-बार काम रुकने को निर्माण में विलंब का प्रमुख कारण बताया गया।

जम्मू-कश्मीर के लिए कितनी अहम हैं परियोजनाएं?

चिनाब बेसिन की इन चारों जलविद्युत परियोजनाओं के पूरा होने पर जम्मू-कश्मीर की स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता में 3014 मेगावाट की वृद्धि होगी। इससे प्रदेश में स्थानीय स्तर पर बिजली उत्पादन बढ़ाने और बाहरी स्रोतों से बिजली खरीद पर निर्भरता कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

हालांकि, परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर निर्धारित समयसीमा में इनका निर्माण पूरा करना संबंधित एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। विशेष रूप से रतले और क्वार में निर्माण की धीमी गति को देखते हुए शेष कार्यों में तेजी लाने की जरूरत है।

वहीं, पकल दुल और किरू में भी निर्माण पूरा होने के बाद सभी इकाइयों को चालू करने की प्रक्रिया में अतिरिक्त समय लगने की संभावना सामने आई है। ऐसे में इन चारों परियोजनाओं की समयबद्ध पूर्णता जम्मू-कश्मीर की भावी बिजली जरूरतों और जलविद्युत क्षमता के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।