उड़ी सेक्टर में पाक सेना ने किया जंगबंदी का उल्लंघन
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : उत्तरी कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर कुछ दिनों से छाई खामोशी शुक्र
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : उत्तरी कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर कुछ दिनों से छाई खामोशी शुक्रवार को सूर्यास्त के साथ ही पाकिस्तानी सेना द्वारा जंगबंदी के उल्लंघन के साथ ही भंग हो गई। पाकिस्तानी सैनिकों ने उड़ी सेक्टर में भारतीय ठिकानों पर बिना किसी उकसावे के गोलीबारी शुरू कर दी। भारतीय जवानों ने भी मुहंतोड़ जवाब दिया। फिलहाल, किसी भी पक्ष को हुए नुकसान की जानकारी नहीं मिल पाई है। सेना ने पूरे उत्तरी कश्मीर में अलर्ट घोषित कर दिया है।
गौरतलब है कि सेना की उत्तरी कमान के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल डी अनबू ने वीरवार को उत्तरी कश्मीर के अग्रिम इलाकों का दौरा कर सैन्य तैयारियों का जायजा लिया था। शुक्रवार शाम करीब 6.25 बजे पाकिस्तानी सैनिकों ने कमलकोट इलाके में स्थित भारतीय सेना की 20 सिख रेजिमेंट और आठ आरआर की चौकियों को निशाना बनाया। उन्होंने बताया कि एलओसी पार स्थित पाकिस्तानी सेना की जंगल-एक, जंगल-दो व जंगल-तीन चौकी से मोर्टार व मध्यम दर्जे के हथियारों से गोलीबारी हुई।
भारतीय जवानों ने शुरू में संयम बरता, लेकिन करीब सात बजे जब सरहद पार से गोलाबारी तेज होने लगी तो भारतीय जवानों का सब्र टूट गया और उन्होंने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी खेमे पर ताबड़तोड़ गोलाबारी शुरू कर दी। भारतीय बंदूकों के 15 मिनट गरजने के बाद पाकिस्तानी खेमे में खामोशी छा गई।
अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी गोलाबारी में भारतीय सेना को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन जवाबी कार्रवाई में एलओसी पार नुकसान होने या न होने की कोई पक्की जानकारी नहीं है। अलबत्ता, गोलाबारी के दौरान एलओसी पार से घुसपैठ की आशंका को देखते हुए सभी अग्रिम निगरानी चौकियों को सचेत करते हुए सेना की विभिन्न टुकड़ियों ने नियंत्रण रेखा से सटे कुछ खास इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।