यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 03, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jammu And Kashmir : BSF ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अखनूर सेक्टर से एक संदिग्ध पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ा
Jammu And Kashmir BSF ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अखनूर सेक्टर से एक संदिग्ध पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ा

श्रीनगर, एएनआई। सीमा सुरक्षा बल ने अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) क्षेत्र के साथ अखनूर सेक्टर से एक संदिग्ध घुसपैठिए को पकड़ा है। वह तब पकड़ा गया जब वह भारतीय सीमा के अंदर आने की कोशिश कर रहा था। संदिग्ध कोो जम्मू-कश्मीर पुलिस को जांच के लिए सौंप दिया गया है।

ऊधमपुर व सांबा में सर्च अभियान
जानकारी के अनुसार पाकिस्तान घुसपैठिए आए दिन किसी ना किसी तरह कश्मीर में हालात खराब करना चाहता है। जम्मू संभाग के ऊधमपुर जिला के कुद क्षेत्र में संदिग्ध दिखने की सूचना पर पुलिस व सुरक्षाबलों ने आठ घंटे तक संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। तलाशी अभियान में ड्रोन की मदद भी ली गई थी। मगर कुछ भी हाथ न लगने पर रात को तलाशी अभियान बंद कर दिया था।
एसएसपी ऊधमपुर राजीव पांडेय ने बताया कि एक व्यक्ति अपने पास काम करने वाले नेपाली किशोर को साथ लेकर कुद पुलिस थाना पहुंचा। नेपाली किशोर ने बताया कि वह सुबह कुद के टमाटर मोड इलाके में मवेशी चराने के लिए गया था। वहां पर तीन व्यक्तियों ने उसे रोका। उसके मुताबिक तीनों ने सुरक्षाबलों द्वारा पहनी जाने वाली ड्रेस पहनी थी। तीनों ने उससे कुछ पूछा और जवाब देने पर मारपीट की। इसके बाद किशोर भाग कर अपने मालिक के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। इसके बाद मालिक के साथ वह थाना आया।
उन्होंने कहा कि इसके बाद पुलिस ने 11 बजे सुरक्षाबलों संग संदिग्ध देखे जाने वाली जगह तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षाबलों ने चिनैनी से लेकर कुद और आसपास चप्पे चप्पे को खंगाला। इस दौरान ड्रोन की भी मदद ली गई, मगर कोई संदिग्ध नहीं दिखा।
उधर, सांबा सेक्टर के पुलपुर बसंतर में भी सेना की 25 पंजाब रेजीमेंट के जवानों ने तड़के करीब चार बजे संदिग्ध गतिविधियों को देखे जाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ। संदिग्ध गतिविधियां देखे जाने के बाद सांबा और रामगढ़ बसंतर क्षेत्र के साथ लगते इलाकों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सनद रहे कि बसंतर इलाका आतंकियों के घुसपैठ का रास्ता रहा है। बार्डर को जाने वाले इस रास्ते पर जगह-जगह नाके लगाए गए हैं।
पाकिस्तान ने केरी सेक्टर में की गोलाबारी
जानकारी हो कि पाकिस्तानी सेना ने कल बुधवार को नियंत्रण रेखा पर राजौरी के केरी सेक्टर में फिर भारी गोलाबारी की थी। इस सेक्टर में करीब एक सप्ताह पहले गोलाबारी हुई थी। पाकिस्तान ने केरी में सैन्य चौकियों के साथ-साथ रिहायशी क्षेत्रों को निशाना बनाया। भारतीय सेना ने भी इसका करारा जवाब दिया।
जानकारी के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने शाम करीब छह बजे केरी सेक्टर में अचानक मोर्टार दागने शुरू कर दिए। इस दौरान कई गोले लोगों के घरों के आसपास गिरे। इससे कोई नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन लोगों में दहशत फैल गई। इसके बाद भारतीय सेना ने भी पाक सेना को करारा जवाब दिया। इसके बावजूद पाक सेना गोलाबारी जारी रखे हुए है।
