विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर के शोपियां में खेत में काम कर रही तीन महिलाओं पर भालू ने किया हमला, इलाके में दहशत

Published: Wed, 09 Sep 2026 09:08 PM (GMT+05:30)

दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के बटफूजन गांव में बुधवार को एक जंगली भालू के हमले में तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

शोपियां में भालू के हमले से तीन महिलाएं घायल गांव में दहशत का माहौल।

शोपियां में भालू के हमले से तीन महिलाएं घायल गांव में दहशत का माहौल।

HighLights

  1. शोपियां के बटफूजन गांव में जंगली भालू ने तीन महिलाओं पर हमला किया।

  2. हमले में घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया, हालत गंभीर।

  3. वन्यजीव विभाग ने भालू को पकड़ने टीम भेजी, लोगों से सतर्कता अपील।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के बटफूजन गांव में बुधवार को एक जंगली भालू के हमले में तीन स्थानीय महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमले का शिकार हुई महिलाएं अपने खेतों या घर के आसपास काम कर रही थीं। झाड़ियों से निकले भालू ने उन पर अचानक हमला कर दिया। घायल महिलाओं की पहचान मरूफा अख्तर पुत्री मोहम्मद इकबाल, फिरदौसा अख्तर पत्नी मोहम्मद मुस्तफा और नुसरत गुलजार पुत्री गुलजार अहमद के रूप में हुई है। तीनों बटफूजन गांव की ही रहने वाली हैं।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर भालू को भगाया और घायल महिलाओं को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों के अनुसार, तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया है, हालांकि उनकी हालत के बारे में अभी विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है।

वन्यजीव विभाग को किया सूचित

घटना ने एक बार फिर इंसान और जंगली जानवर के बीच बढ़ते टकराव को उजागर कर दिया है। बटफूजन गांव के लोगों का कहना है कि पिछले कुछ हफ्तों से इलाके में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे वे अपने बच्चों और मवेशियों को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) ने तुरंत वन्यजीव विभाग को सूचित कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि वाइल्डलाइफ विभाग की एक टीम को गांव में भेजा जा रहा है ताकि भालू की लोकेशन ट्रेस की जा सके और उसे आबादी वाले इलाके से दूर जंगल में खदेड़ा जा सके। विभाग लोगों से अपील कर रहा है कि वे अकेले जंगल की तरफ न जाएं और सतर्कता बरतें।

यह भी पढ़ें- 'क्या कड़ी शर्तों पर इंजीनियर रशीद को दी जा सकती है जमानत?', दिल्ली हाई कोर्ट ने NIA से मांगा जवाब