बारामुला के 26 स्कूल-कॉलेजों में 14 नवंबर को छुट्टी, बाकी शिक्षण संस्थान खुले रहेंगे; जानें क्या है वजह
बारामुला जिले में 14 नवंबर को 26 सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। यह फैसला 15 नवंबर को होने वाली अकाउंट्स असिस्टेंट परीक्षा की तैयारियों के मद्देनजर लिया गया है।

बारामुला में अकाउंट्स असिस्टेंट परीक्षा की तैयारी के लिए 26 स्कूल कॉलेज बंद। (AI Generated)
HighLights
बारामुला में 14 नवंबर को 26 स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।
अकाउंट्स असिस्टेंट परीक्षा की तैयारियों के लिए यह फैसला लिया गया।
15 नवंबर को ओएमआर आधारित लिखित परीक्षा आयोजित होगी।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। बारामुला जिले के 26 सरकारी और निजी स्कूलों तथा कॉलेजों में 14 नवंबर को कक्षाएं नहीं लगेंगी। जिला प्रशासन ने यह फैसला 15 नवंबर को वित्त विभाग में अकाउंट्स असिस्टेंट के पदों के लिए होने वाली ओएमआर आधारित लिखित परीक्षा की तैयारियों को देखते हुए लिया है। ऐसे में संबंधित शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को एक दिन के लिए कक्षाओं से छुट्टी रहेगी, जबकि जिले के अन्य स्कूल और कॉलेज सामान्य रूप से खुले रहेंगे।
डीसी बारामुला कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह निर्णय 12 नवंबर को मंडलायुक्त कश्मीर से प्राप्त पत्र के आधार पर लिया गया है।
प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, अन्य जरूरी सुविधाओं और परीक्षा संबंधी तैयारियों को समय रहते पूरा करना है, ताकि 15 नवंबर को परीक्षा स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुचारू तरीके से आयोजित हो सके।
बारामुला और सोपोर समेत कई इलाकों में बनाए गए परीक्षा केंद्र
निर्धारित परीक्षा केंद्रों में गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज फॉर वुमेन और ब्वाॅयज बारामुला, ब्वाॅयज व गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल बारामुला, ब्वाॅयज वुमेन डिग्री कॉलेज सोपोर, ब्वाॅयज हायर सेकेंडरी स्कूल सोपोर हायगाम, दोआबगाह, बोमई, डांगीवाचा, हादीपोरा, बेहरामपोरा, डांगरपोरा, डेलिना और हादीपोरा डिग्री कॉलेज शामिल हैं।
इसके अलावा एसआरएम वेलकिन सोपोर, सेंट जोसेफ हायर सेकेंडरी स्कूल, बारामुला पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल बारामुला, सैंक्टोरम स्कूल लालद सोपोर, मुस्लिम एजुकेशन ट्रस्ट सोपोर, गुलजार मेमोरियल एजुकेशनल इंस्टीट्यूट नौपोरा सोपोर, नेदरफील्ड सोपोर और एसएसएम कॉलेज दीवर सिंहपोरा पट्टन में भी कक्षाएं स्थगित रहेंगी।
आदेश सिर्फ अधिसूचित परीक्षा केंद्रों पर लागू
डीसी बारामुला ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश केवल अधिसूचित परीक्षा केंद्रों पर लागू होगा। जिले के बाकी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई पहले की तरह जारी रहेगी। इस संबंध में 12 नवंबर को जारी निर्देश मंडलायुक्त कश्मीर, जेके सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड के अध्यक्ष, पुलिस अधिकारियों, शिक्षा विभाग और संबंधित संस्थानों के प्रधानाचार्यों सहित अन्य अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजे गए हैं।