कश्मीर: बारामूला में भीषण आग, देखते ही देखते पूरा स्कूल चपेट में; ZEO ऑफिस भी जला, इलाके में मचा हड़कंप
कश्मीर के बारामूला के डंगीवछा रफियाबाद में स्कूल और ज़ोनल एजुकेशन आफिस में भीषण आग लग गई, जिससे दोनों इमारतें ...और पढ़ें

बारामूला के रफियाबाद में स्कूल और शिक्षा कार्यालय में भीषण आग। (फाइल फोटो)
HighLights
डंगीवछा रफियाबाद में स्कूल और जेडईओ कार्यालय में आग लगी।
दोनों सरकारी इमारतें आग की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुईं।
सेना, पुलिस और दमकल कर्मियों ने मिलकर आग पर काबू पाया।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के बारामूला ज़िले के डंगीवछा रफियाबाद इलाके में सरकारी बायज मिडिल स्कूल और ज़ोनल एजुकेशन आफिस डंगीवछा में भीषण आग लग गई। इससे दोनों इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा। प्राप्त जानकारी के अनुसार इमारत की दूसरी मंजिल में लगी और इसने तेजी से फैलते हुए पूरी इमारत को अपने चपेट में ले लिया।
इमरात से आग की लपटे निकलते देख स्थानीय लोगों ने फौरन पुलिस व दमकल कर्मियों को सूचित कर दिया। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी, सुरक्षा बल फौरन वहां पहुंच गए और कार्रवाई की और आग को आस-पास की इमारतों तक फैलने से रोकने के लिए मिलकर काम किया।
32 राष्ट्रीय राइफल्स , जम्मू-कश्मीर पुलिस और फायर एंड इमरजेंसी सर्विस विभाग के कर्मचारियों ने मिलकर आग बुझाने का अभियान चलाया। स्थानीय लोगों ने भी इस अभियान में टीमों की मदद की और तेज़ी से फैल रही आग को काबू में लाने में सहयोग किया।
फायर टेंडर का पानी खत्म, सेना ने संभाला मोर्चा
आग बुझाने के अभियान के दौरान फायर टेंडर का पानी खत्म हो गया। तुरंत कार्रवाई करते हुए, 32 आरआर के जवानों ने सेना के वाटर बाउज़र के ज़रिए अतिरिक्त पानी का इंतज़ाम किया, जिससे फायर फाइटिंग टीम बिना किसी रुकावट के अपना काम जारी रख सकी।
समय पर की गई इस कार्रवाई से आग को काबू करने और आस-पास की इमारतों को और नुकसान से बचाने में मदद मिली।इस घटना से स्थानीय लोगों में चिंता फैल गई, खासकर इसलिए क्योंकि आग एक शिक्षण संस्थान और सरकारी कार्यालय में लगी थी।
आग से नुकसान का अभी पूरा आकलन नहीं
स्कूल के इंफ्रास्ट्रक्चर, आफिस के रिकार्ड, फर्नीचर और दूसरी सरकारी संपत्ति को कितना नुकसान पहुंचा है, इसका अभी पूरी तरह से आकलन नहीं किया गया है।
इस बीच, डंगीवछा के नायब तहसीलदार और एसएचओ भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने आग बुझाने के काम की निगरानी की और घटना से जुड़ी परिस्थितियों का आकलन किया।
