बेटी की शादी से पहले उजड़ गया आशियाना, पाई-पाई से जुड़ा दहेज जला; कश्मीर में भीषण आग से 3 परिवार बेघर
उत्तरी कश्मीर के बांडीपोरा जिले के क्विलमुकम गांव में शुक्रवार देर शाम लगी भीषण आग से तीन परिवार बेघर हो ...और पढ़ें

बांडीपोरा में आग ने छीन ली तीन परिवारों की छत। (फाइल फोटो)
HighLights
क्विलमुकम गांव में भीषण आग से तीन परिवार बेघर हो गए।
एक परिवार की बेटी की शादी की सभी तैयारियां जलकर राख।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता की अपील की।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के बांडीपोरा जिले के क्विलमुकम गांव में शुक्रवार देर शाम लगी भीषण आग से तीन परिवार बेघर हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, आग से घरों को भारी नुकसान पहुंचा है और प्रभावित परिवारों का लगभग सारा सामान जलकर नष्ट हो गया है। पीड़ितों में एक ऐसा परिवार भी शामिल है जो अपनी बेटी की शादी की तैयारी कर रहा था।
एक स्थानीय निवासी ने मुबाशिर अहमद ने बताया, 'आग में कपड़े, घर का सामान और शादी के लिए की गई अन्य तैयारियां जलकर खाक हो गईं।' उन्होंने कहा, 'जो समय परिवार के लिए खुशी का मौका होना चाहिए था, वह अब दुख की घड़ी में बदल गया है।'
उन्होंने कहा, 'शादी के लिए लंबे समय से की गई सारी तैयारियां उनके घर के साथ ही जलकर राख हो गईं। आग की चपेट में एक गौशाला भी आ गई, जिससे प्रभावित परिवारों को और अधिक नुकसान उठाना पड़ा।
आग लगते ही मदद के लिए दौड़े स्थानीय लोग
जानकारी के अनुसार, आग लगने के तुरंत बाद, स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जम्मू-कश्मीर पुलिस और भारतीय सेना के जवानों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने और इसे आस-पास की इमारतों तक फैलने से रोकने की कोशिश की। इस घटना ने प्रभावित परिवारों को पूरी तरह तोड़ दिया है।
घर और सामान गंवाने वाले परिवारों को मिले आर्थिक मदद
स्थानीय लोगों ने उनके घर और सामान के नुकसान पर चिंता जताई है, खासकर उस परिवार के लिए जिसकी बेटी की शादी होने वाली है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि वे हुए नुकसान का आकलन करें और प्रभावित परिवारों को तुरंत आर्थिक मदद, रहने के लिए अस्थायी जगह और पुनर्वास में सहायता प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि जिस परिवार में शादी होने वाली है, उसे इस नुकसान से उबरने और शादी के लिए वैकल्पिक इंतजाम करने के वास्ते तत्काल मदद की जरूरत है। आग लगने के कारणों और नुकसान के सटीक स्तर का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।