जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग के बल ब्राकपोरा में पानी के लिए तरस रहे लोग, पुरानी स्कीम नाकाफी; नई योजना का काम ठप
अनंतनाग के बल ब्राकपोरा में लोग पिछले तीन साल से पीने के पानी की गंभीर किल्लत से जूझ रहे हैं, ...और पढ़ें

अनंतनाग में अच्छाबल के बल ब्राकपोरा इलाके में पानी के लिए जद्दोजहद। (फाइल फोटो)
HighLights
बल ब्राकपोरा में तीन साल से पानी की किल्लत।
पुरानी वाटर सप्लाई स्कीम अब नाकाफी साबित हो रही।
नई स्कीम फंड और तकनीकी कारणों से अधूरी पड़ी है।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। अनंतनाग जिले में अच्छाबल के बल ब्राकपोरा इलाके में लोग पिछले करीब तीन साल से पीने के पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। लोगों का कहना है कि नलों में या तो पानी आता ही नहीं, और आता भी है तो इतना कम कि जरूरत पूरी नहीं होती। वर्ष 2023 से हालत हालात इस कदर बिगड़ गए हैं कि घरों में पानी के लिए लोगों का सुबह से ही इंतजार शुरू हो जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके की पुरानी वाटर सप्लाई स्कीम अब हालात संभालने की स्थिति में नहीं है। उससे मिलने वाला पानी पूरे मोहल्ले के लिए पर्याप्त नहीं है। इसी वजह से लोगों को टैंकर, कुओं और दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
कई परिवारों को रोजमर्रा के कामों के लिए दूर से पानी लाना पड़ता है, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
बार-बार शिकायत के बाद भी समस्या जस की तस
इलाके में नई वाटर सप्लाई स्कीम का काम भी लंबे समय से अधूरा पड़ा है। लोगों को उम्मीद थी कि नई स्कीम शुरू होने के बाद पानी की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी, लेकिन काम रुकने से यह उम्मीद भी टूटती नजर आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार आश्वासन मिलता है, लेकिन जमीन पर पानी नहीं पहुंच रहा।
लोगों ने यह समस्या कई बार सरकार के समक्ष भी रखी परंतु हर बार यह कहकर टाल दिया जाता है कि बल ब्राकपोरा की पुरानी स्कीम अभी चालू है। परंतु जब यह पूछा जाता है कि फिर उन्हें पानी की बूंद-बूंद को क्यों तरसना पड़ रहा है तो कुछ भी स्पष्ट उत्तर नहीं दिया जाता।
नई स्कीम में आई अड़चनें
जल शक्ति विभाग की मंत्री शमीमा फिरदौज ने जनता की समस्या पर जवाब दिया कि जल जीवन मिशन के तहत अच्छाबल में बन रही नई वाटर सप्लाई स्कीम अभी पूरी नहीं हुई है और न ही उसे चालू किया गया है। काम इसलिए रुका क्योंकि ठेकेदार को फंड नहीं मिला और उसने काम रोक दिया।
उन्होंने बताया कि नई स्कीम के लिए पहले जो बोरवेल स्रोत चुना गया था, उसमें अमोनियाकल नाइट्रेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा पाई गई, जिसके कारण वह पानी पीने लायक नहीं रहा। इसके बाद योजना में बदलाव किया गया और बोरवेल की जगह डगवेल स्रोत से पानी लेने का प्रस्ताव मंजूर किया गया। इस काम के लिए टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं।
वितरण पाइपलाइन का काफी हिस्सा पहले ही बिछाया जा चुका है, लेकिन फंड की कमी के कारण बाकी काम पूरा नहीं हो सका। फंड मिलते ही बाकी काम को प्राथमिकता पर पूरा किया जाएगा। सरकार ने नई स्कीम के पूरा होने की संभावित तारीख जुलाई 2027 बताई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।