अमरनाथ यात्रा का श्रीगणेश... महादेव के दर्शन के लिए पहला जत्था रवाना, सेना की अभेद्य सुरक्षा में आगे बढ़े श्रद्धालु
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू से अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे को कड़ी सुरक्षा के बीच बालटाल और पहलगाम के लिए रवाना किया।
HighLights
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पहला जत्था रवाना किया
कड़ी सुरक्षा के बीच बालटाल-पहलगाम के लिए प्रस्थान
57 दिवसीय अमरनाथ यात्रा का विधिवत आरंभ
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। देशभर से अपने आराध्य देव महादेव के दर्शन के लिए आए शिवभक्तों का श्रीअमरनाथ यात्रा के आधार शिविर जम्मू, श्रीनगर, बालटाल और पहलगाम में सैलाब उमड़ा है।
वीरवार तड़के करीब चार बजे उपराज्यपाल मनोज सिन्हा पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को जम्मू से कड़ी सुरक्षा के बीच बालटाल और पहलगाम के लिए रवाना किया।

शुक्रवार सुबह ये सभी श्रद्धालु पवित्र गुफा की ओर प्रस्थान करेंगे। इसके साथ इस वर्ष 57 दिन चलने वाली बाबा बर्फानी की यात्रा आरंभ हो जाएगी।

इस बीच, बुधवार को यात्रा के सभी आधार शिविरों में शिव भजनों पर श्रद्धालु झूमते-नाचते नजर आए। इस दौरान सुरक्षा के भी कड़े प्रबंध रहे।

धाम पर सुरक्षा चाक-चौबंद
उधर, बालटाल और पहलगाम में पहले से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हुए हैं। जम्मू में भगवती नगर स्थित यात्री निवास आधार शिविर में प्रशासन ने बुधवार को सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा व मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ आधार शिविर का दौरा कर सुरक्षा, पंजीकरण, स्वास्थ्य सेवा, लंगर, पेयजल, स्वच्छता, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

एलजी ने श्रद्धालुओं से की बातचीत
उपराज्यपाल ने श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान पूरा परिसर ‘चलो बुलावा आया है, बाबा बर्फानी ने बुलाया है’, हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठा।

श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। देर शाम तक सात हजार से अधिक श्रद्धालुओं को आधार शिविर में प्रवेश मिल चुका था। यहां श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भजन-कीर्तन, शिव आरती और विशाल लंगरों की व्यवस्था रहेगी।
तब सामान्य यातायात नहीं चलेगा
पूरी यात्रा के दौरान जत्थे की रवानगी के समय राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाले मार्गों पर सामान्य यातायात अस्थायी रूप से रोका गया, ताकि श्रद्धालुओं का काफिला सुरक्षित और निर्बाध रूप से आगे बढ़ सके।

बालटाल और पहलगाम में पहुंचे श्रद्धालु
सुबह लखनपुर में श्रद्धालुओं का स्वागत कर जम्मू के लिए रवाना किया गया। उधर, श्रीनगर के पंथाचौक स्थित आधार शिविर के अलावा बालटाल और पहलगाम के नुनवान में भी बुधवार देर शाम तक करीब पांच-पांच हजार श्रद्धालु पहुंच चुके थे।

इन सभी श्रद्धालुओं को गुरुवार को यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया है। बालटाल और पहलगाम में श्रद्धालुओं के लिए टेंट सिटी भी बन चुकी है। लंगर संगठन भी पूरी तरह तैयार हैं। वहीं, श्रीनगर एयरपोर्ट से पंथाचौक तक अमरनाथ यात्रियों की सुविधा के लिए 131 सुविधा काउंटर तथा 40 जगहों पर तत्काल पंजीकरण केंद्र बनाए गए हैं।
