'सत्ता के लिए टोपी दूसरों के कदमों में न रखें', रुहुल्लाह का उमर पर सीधा हमला; बडगाम रैली में गरमाई सियासत
श्रीनगर के सांसद आगा रुहुल्लाह मेहदी ने CM उमर अब्दुल्ला पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस कुर्सी पर ...और पढ़ें

उमर अब्दुल्ला की सत्ता पर रुहुल्लाह का तीखा तंज।
HighLights
रुहुल्लाह ने उमर अब्दुल्ला की कुर्सी को दुख का कारण बताया।
सत्ता के लिए गरिमा दांव पर न लगाने की सलाह दी।
अनुच्छेद 370 पर भाजपा की बोली न बोलने का संकल्प दोहराया।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस के भीतर बढ़ती राजनीतिक खींचतान के बीच श्रीनगर के सांसद आगा रुहुल्लाह मेहदी ने सोमवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर तीखा हमला बोला। बडगाम में अपने पिता की बरसी पर आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए रुहुल्लाह ने कहा कि जिस कुर्सी पर मुख्यमंत्री बैठे हैं, वह उनके साथ-साथ हम सबके लिए भी दुख का कारण बन गई है।
जनसभा में रुहुल्लाह ने राजनीतिक पद और सत्ता को लेकर तंज कसते हुए कहा कि आमतौर पर कुर्सी छिन जाने पर लोग दुखी होते हैं, लेकिन यहां हम खुद कुर्सी छोड़ रहे हैं और खुश हैं।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर सीधे निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आप जिस कुर्सी पर बैठे हैं, वह आपके और हमारे दोनों के लिए दुख का कारण बन गई है।
'सत्ता के लिए अपनी टोपी और सम्मान न झुकाएं'
रुहुल्लाह ने अपने संबोधन में आगे कहा कि उमर अब्दुल्ला को अपनी सत्ता और पद बचाए रखने के लिए अपनी टोपी और सम्मान दूसरों के कदमों में रखने की जरूरत नहीं थी।
उन्होंने कहा कि मैं अल्लाह से दुआ करता हूं कि मैं कभी सत्ता के लिए इतना मजबूर न हो जाऊं कि अपनी कुर्सी बचाने के लिए अपनी टोपी तक उतारनी पड़े।
'नेकां भाजपा से डरती है'
इस बीच अनुच्छेद 370 पर बोलते हुए रुहुल्लाह ने कि हम भाजपा की बोली नहीं बोलेंगे। इसके लिए लड़ते रहेंगे। हमारे लिए सबसे बड़ा मुद्दा यही था। नेकां भाजपा से डरती है। तभी वह अनुच्छेद 370 पर बात नहीं करती।
रुहुल्लाह की इन टिप्पणियों को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व पर सीधे राजनीतिक हमले के रूप में देखा जा रहा है।
आपको बता दें कि आगा रुहुल्लाह मेहदी और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व के बीच पिछले कुछ समय से मतभेद सामने आते रहे हैं। सोमवार को बडगाम की जनसभा में दिए गए उनके बयान ने पार्टी के भीतर जारी राजनीतिक असहजता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।