जम्मू, राज्य ब्यूरो: बालीवुड अभिनेत्री गरिमा गोयल को कश्मीर के नजारे लुभा रहे हैं। कश्मीर पहुंची फिल्म अभिनेत्री बर्फ से ढकी पहाडि़यों, सड़कों को देखकर रोमांचित हैं और यही वजह है कि वह फिल्मों की शूटिंग स्विटजरलैंड में करने के बजाय कश्मीर में करने की वकालत कर रही हैं। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर अपनी तस्वीरें और वीडियो भी जारी किए। इसमें वह बर्फ का गोला बनाती दिख रही हैं, वहीं कश्मीर का परांठा देखकर भी आनंदित हो रही हैं। दो फुट का परांठा पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहता है।
कश्मीर इन दिनों बर्फ से लदा हुआ है। मैदानों से लेकर पहाड़ों तक पर बर्फ की चादर बिछी हुई है। ऐसे में हर कोई यहां के खूबसूरत नजारों को देखने के लिए आकर्षित हो रहा है। इनमें देश विदेश से आने वाले पर्यटकों के अलावा बॉलीवुड सितारे भी शामिल हैं। यहां के दिलकश नजारे उन्हें फिर से यहां की हसीन वादियों को कैमरे में कैद करने के लिए विवश कर रहे हैं।
बॉलीवुड को हाल ही में छोडऩे वाली सना खान शादी के बाद अपने पति के साथ कुछ दिन पहले ही कश्मीर में पहुंची थीं। उन्होंने यहां पर हो रही बर्फबारी के फोटो सोशल साइट पर भी साझा किए थे। उन्होंने कश्मीर की खूबसूरती का जिक्र किया था। अब बॉलीवुड अभिनेत्री गरिमा गोयल कश्मीर में हैं। उन्होंने कश्मीर को फिल्म की शूटिंग के लिए एक आदर्श स्थान करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म शूटिंग के लिए एक अद्भुत स्थान है और वह चाहती हैं कि अधिक फिल्म इकाइयां यहां आएं। गरिमा भी इन दिनों शूटिंग के लिए नेटफ्लिक्स की टीम के साथ कश्मीर में हैं।
View this post on Instagram
उन्होंने कहा कि वह अपने दोस्तों को मुंबई में प्रोडक्शन हाउस में अपना बैग पैक करने और कश्मीर में शूट करने का सुझाव देंगी। पोलैंड और स्विट्जरलैंड जैसी जगहों पर जाने के बजाय, कश्मीर में शूटिंग क्यों नहीं की जाती। गरिमा ने सुपर लौंडे और लिपस्टिक अंडर माय बुर्का जैसी बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय किया है। यही नहीं, वह तारक मेहता का उल्टा चश्मा, क्राइम पेट्रोल और टीवी शो अकबर बीरबल में भी दिखाई दी हैं।
फिर नया इतिहास लिख रहा कश्मीर
पिछले कुछ महीनों में बॉलीवुड के कई सितारों के अलावा कई अन्य हस्तियां भी कश्मीर में आ चुकी हैं। इससे उस दौर के फिर से शुरू होने की उम्मीद बंधी है जो कि आतकंवाद से पहले हुआ करता था। शूटिंग के लिए बॉलीवुड उनकी प्राथमिकता पर होता था। अब कश्मीर फिर नया इतिहास लिख रहा है। इस बार कोरोना संक्रमण के बावजूद कश्मीर में बड़ी संख्या में पर्यटक आ रहे हैं।
पर्यटन विभाग भी उठा रहा कदम
पर्यटन विभाग और सरकार ने भी लोगों को आकर्षित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। यही कारण है कि पहली बार कई जगहों पर कश्मीर में क्रिसमस पर कार्यक्रम हुए। नववर्ष की पूर्व संध्या पर गुलमर्ग, पहलगाम और श्रीनगर के होटलों में पर्यटकों का डेरा जमा हुआ था। यह वर्षों बाद देखने को मिला है। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि कश्मीर में एक बार फिर से पहले जैसे ही नजारे देखने को मिल सकते हैं।
a