विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनमर्ग से श्रीनगर लौट रहे पर्यटकों से भरी गाड़ी 60 फीट गहरी खाई में गिरी, 6 की हालत गंभीर; रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू

Published: Tue, 10 Nov 2026 09:39 PM (IST)Updated: Tue, 10 Nov 2026 09:41 PM (IST)

सोनमर्ग से श्रीनगर लौट रहे 18 पर्यटकों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर गांदरबल के कंगन में 60 फीट गहरी खाई ...और पढ़ें

पर्यटकों से भरी गाड़ी 60 फीट गहरी खाई में गिरी। फोटो सोशल मीडिया

पर्यटकों से भरी गाड़ी 60 फीट गहरी खाई में गिरी। फोटो सोशल मीडिया

HighLights

  1. सोनमर्ग से श्रीनगर लौटते समय टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरा।

  2. हादसे में चालक समेत 18 पर्यटक घायल, छह गंभीर।

  3. घायलों को पीएचसी गुंड से एसकेआईएमएस श्रीनगर रेफर किया गया।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। सोनमर्ग की खूबसूरत वादियों से श्रीनगर लौट रहे पर्यटकों का सफर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। गांदरबल जिले के कंगन इलाके में गुंड सुंबल पावर हाउस के पास 18 पर्यटकों को लेकर जा रहा टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर करीब 60 फीट गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे में चालक समेत वाहन में सवार सभी 18 लोग घायल हो गए। इनमें छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायल पंजाब के गुरदासपुर के निवासी हैं।

जानकारी के अनुसार, पर्यटकों को लेकर टेंपो ट्रैवलर नंबर डीएल1 वीसी-5231 सोनमर्ग से श्रीनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान कंगन के गुंड सुंबल पावर हाउस के पास चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और देखते ही देखते गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन में सवार सभी लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने शूरू किया बचाव अभियान 

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। खाई में गिरे वाहन से घायलों को बाहर निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों की संख्या अधिक होने के कारण आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों से एंबुलेंस मंगवाई गईं।

इनमें सोनमर्ग, गुंड और गनीवान के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की एंबुलेंस शामिल थीं। सभी घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी गुंड पहुंचाया गया।

सभी घायल एसकेआईएमएस रेफर

पीएचसी गुंड में शुरुआती उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी 18 घायलों को बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसकेआइएमएस), सौरा रेफर कर दिया। इनमें छह घायलों की स्थिति गंभीर बताई गई है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।

वहीं, कंगन के एसडीपीओ राजेश रैना ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि टेंपो ट्रैवलर में चालक समेत 18 लोग सवार थे और सभी घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को पहले पीएचसी गुंड ले जाया गया, जहां से उन्हें एसकेआइएमएस रेफर किया गया। छह लोगों की हालत गंभीर है।

फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि शुरुआती आकलन में वाहन की तेज रफ्तार को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। अन्य विवरण प्रतीक्षारत है।

इन घायलों की हुई पहचान

एसकेआइएमएस रेफर किए गए घायलों में शारदा रानी (58) पत्नी रमेश जी निवासी अहमदाबाद, गुजरात, रमेश जी (52) पुत्र बवन बाई, अहमदाबाद गुजरात, जयेश (42) पुत्र सुभाष चंदर, सूरत गुजरात, शोभना पटेल (50) पत्नी राजेश कुमार पटेल, अहमदाबाद, गुजरात, राजेश कुमार पुत्र देवुभाई पटेल, अहमदाबाद गुजरात, स्वप्नाद्युत घोष (24) पुत्री सुरजीत घोष, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल, माला घोष (48) पत्नी सुरजीत घोष, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल, सुरजीत घोष (61) पुत्र स्वर्गीय कृष्ण दुलाल, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।