श्रीनगर में अजान दे रहे 72 वर्षीय मुअज्जिन पर चाकू से हमला, हालात गंभीर; आरोपी गिरफ्तार
श्रीनगर के लाल बाजार में अजान देते समय 72 वर्षीय मुअज्जिन मोहम्मद हाशिम खानाना पर चाकू से हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी हालत नाजुक है।

श्रीनगर में मस्जिद में अजान दे रहे 72 वर्षीय मुअज्जिन पर चाकू से हमला। सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
लाल बाजार मस्जिद में अजान देते मुअज्जिन पर हमला।
72 वर्षीय मोहम्मद हाशिम खानाना गंभीर रूप से घायल।
पुलिस ने हमलावर यासिर लतीफ फाजली को किया गिरफ्तार।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। श्रीनगर के लाल बाजार इलाके में शुक्रवार को मस्जिद में अजान दे रहे 72 वर्षीय मुअज्जिन (अजान देने वाले) पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें उपचार के लिए शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसकेआइएमएस) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
घायल की पहचान लाल बाजार की उमर कॉलोनी निवासी मोहम्मद हाशिम खानाना (72) पुत्र स्वर्गीय गुलाम मोहिउद्दीन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह शुक्रवार को बोटा शाह मोहल्ला स्थित मस्जिद चारयार में अजान दे रहे थे। इसी दौरान एक स्थानीय व्यक्ति ने कथित तौर पर पीछे से उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले के बावजूद मुअज्जिन ने हिम्मत नहीं हारी और मस्जिद के लाउडस्पीकर के जरिये मदद के लिए आवाज लगाई। उनकी पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मस्जिद की ओर दौड़े। मौके पर पहुंचे लोगों ने उन्हें मस्जिद परिसर में खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हमलावर ने घायल मुअज्जिन को मस्जिद के मुख्य द्वार की ओर घसीटने का भी प्रयास किया। इसी बीच घटना की सूचना मिलते ही लाल बाजार थाना पुलिस सक्रिय हुआ। एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की और महज 20 मिनट के भीतर कथित हमलावर को पकड़ लिया।
पुलिस ने हमले के आरोपित की पहचान यासिर लतीफ फाजली के रूप में की है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बुजुर्ग मुअज्जिन पर हमला क्यों किया गया और वारदात के पीछे क्या परिस्थितियां थीं। जांच पूरी होने के बाद ही हमले के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।