विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कश्मीर: दो दिन में तीन तेंदुए के शावकों की मौत, जहर देने की आशंका; वारिपोरा इलाके में मिले शव

Published: Fri, 20 Nov 2026 02:41 PM (IST)

उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के वारिपोरा इलाके में दो दिनों के भीतर तीन तेंदुए के शावक मृत पाए गए हैं। शुरुआती पोस्टमार्टम जांच में उनकी मौत का कारण जहरीले पदार्थ का सेवन बताया जा रहा है, जिसकी फोरेंसिक जांच जारी है।

पोस्टमार्टम में जहरीले पदार्थ के सेवन के संकेत।

पोस्टमार्टम में जहरीले पदार्थ के सेवन के संकेत।

HighLights

  1. वारिपोरा में दो दिन में तीन शावक मृत मिले।

  2. शुरुआती जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन का संकेत।

  3. फोरेंसिक जांच के लिए नमूने भेजे गए, रिपोर्ट का इंतजार।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के टंगमर्ग के वारिपोरा इलाके में दो दिनों के भीतर तीन तेंदुए के शावक मृत मिले हैं। शुरुआती पोस्टमार्टम जांच में उनकी मौत का कारण जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई गई है। हालांकि, वन्यजीव विभाग का कहना है कि मौत की असली वजह फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

वन्यजीव विभाग के रेंज अधिकारी टंगमर्ग शाहिद सुल्तान ने बताया कि सबसे पहले 17 नवंबर को पुलिस स्टेशन कुंजर से दो मादा शावकों की मौत की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों के शव बरामद कर नियंत्रण कक्ष लाए।

इसके बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इसी इलाके में तीसरे शावक के मृत पाए जाने की सूचना मिलने पर अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और उसका शव भी बरामद किया। मृत शावकों में दो मादा और एक नर शामिल है।

शावकों की मौत में जहर के संपर्क की आशंका

शाहिद सुल्तान ने बताया कि पशु चिकित्सकों की शुरुआती जांच में जहर के संपर्क में आने की आशंका सामने आई है। पेट में मिले अवशेषों से यह भी संकेत मिला है कि शावकों ने किसी कुत्ते को खाया हो सकता है। ऐसे में यह पता लगाने के लिए नमूने एकत्र किए गए हैं कि कहीं कुत्ता किसी जहरीले पदार्थ या बीमारी से संक्रमित तो नहीं था।

विभाग ने अब तीनों शावकों के नमूने फोरेंसिक जांच के लिए भेजे हैं। इसके अलावा आसपास के इलाके की तलाशी भी ली गई, ताकि किसी जहरीले चारे या अन्य संदिग्ध सामग्री का पता लगाया जा सके, लेकिन अब तक ऐसा कुछ नहीं मिला है। शवों पर किसी तरह की चोट या बाहरी हमले के निशान भी नहीं हैं।

तेंदुओं की आवाजाही को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह

इस बीच, तेंदुओं की आवाजाही को लेकर विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर बागों और जंगलों के आसपास रहने वाले परिवारों को सुबह और शाम के समय सावधानी बरतने, बच्चों को अकेला न छोड़ने और अंधेरा होने के बाद अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

घरों के आसपास झाड़ियों और कचरे को साफ रखने को भी कहा गया है। विभाग की टीमें भी लगातार संवेदनशील इलाकों में गश्त कर रही हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।