आतंकियों की यातनाओं में घायल छात्र उमैस ने दम तोड़ा
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में करीब 15 दिन पहले सड़क किनारे अधमरी
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में करीब 15 दिन पहले सड़क किनारे अधमरी हालत में मिले छात्र ने वीरवार को शेरे कश्मीर आयुर्विज्ञान संस्थान (सौरा) में दम तोड़ दिया। दिवंगत को आतंकियों ने सुरक्षाबलों का मुखबिर होने के आरोप में अगवा कर यातनाएं दी थीं।
गौरतलब है कि गत आठ मार्च को जिला कुलगाम में काजीगुंड के पास वेस बटपोरा में स्थानीय लोगों ने एक लड़के को खून से लथपथ हालत में अचेत पड़े देखा था। उन्होंने उसी समय पुलिस को सूचित किया और उसे अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी पहचान उमैस राशिद बट निवासी कोयमू कुलगाम के रूप में हुई।
12वीं कक्षा के छात्र उमैस को जब थोड़ा होश आया तो पुलिस का दावा सही साबित हुआ। उसने बताया कि आतंकियों ने उसे अगवा किया था। वह उस पर सुरक्षाबलों का मुखबिर होने का आरोप लगा रहे थे। इसके अलावा आतंकियों का उसका सुरक्षाबलों द्वारा आयोजित खेल गतिविधियों व जनहित कार्यक्रमों का हिस्सा बनना भी पसंद नहीं था। आतंकियों ने उसे बुरी तरह पीटा और वह अचेत हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि उमैस ने तड़के अपने जख्मों की ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया। आतंकियों ने उसे तीव्र यातनाएं दी थी। उसके शरीर की कई हड्डियां भी टूट गई थीं। पोस्टमार्टम के बाद दिवंगत का शव उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। उमैस को दोपहर को कोयमू स्थित उसके पैतृक कब्रीस्तान में दफनाया गया।