युवराज सिंह भाजयुमो जिला प्रभारी नियुक्त
संवाद सहयोगी सुंदरबनी जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटी भारतीय जनता पाटी
संवाद सहयोगी, सुंदरबनी : जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को युवराज सिंह को युवा मोर्चा का जिला प्रभारी नियुक्त किया।
बुधवार को सुंदरबनी भाजपा कार्यालय में पहुंचने पर युवराज सिंह का पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। स्वागत समारोह में भाजपा के जिला प्रधान कैप्टन बालकृष्ण शर्मा व युवा मोर्चा जिला प्रधान रजत सिंह ने युवा मोर्चा प्रभारी युवराज सिंह के सुंदरबनी पहुंचने पर फूल मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान युवराज सिंह ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी कोई कसर छोड़ना नहीं चाहती। हर छोटी और बड़ी तैयारी के लिए सबसे जरूरी संगठन को मजबूत करना है। भाजपा उसे लेकर जमीन तैयार कर रही है। पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं को जमीनी सतह पर पहुंचाने के लिए दिन-रात कार्य करें। कार्यक्रम में युवा मोर्चा जिला प्रधान रजत सिंह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। ताकतवर केंद्र सरकार ने पड़ोसी आतंकवादग्रस्त देशों को साफ संदेश दे दिया है कि वह दौर गुजर गया है जब वहां से गोलियां चलाकर निहत्थे लोगों की हत्या की जाती थीं। आज एक गोली का जवाब दस गोली से दिया जा रहा है। उत्तर पूर्व में आतंकवाद हो या जम्मू कश्मीर में, सर्जिकल स्ट्राइक हो या डोकलाम हो, बलवान भारत की सेना हर मोर्चे पर देश का मस्तक ऊंचा कर रही है।
उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी 50 से अधिक सीटें जीतकर जम्मू कश्मीर में अपनी सरकार बनाएगी। कार्यक्रम में सरपंच अनिल कुमार सहित काफी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।