विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काम खत्म कर घर लौट रहा था जमील, जम्मू-पुंछ हाईवे पर डंपर से जोरदार टक्कर; अस्पताल में तोड़ा दम

Published: Sat, 14 Nov 2026 06:12 PM (GMT+05:30)

राजौरी में जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अल्फा गेट के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार जमील मनहास की ...और पढ़ें

राजौरी में डंपर की टक्कर से बाइक सवार जमील मनहास की मौत। (फाइल फोटो)

राजौरी में डंपर की टक्कर से बाइक सवार जमील मनहास की मौत। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. राजौरी में डंपर-बाइक टक्कर से एक युवक की मौत।

  2. मृतक की पहचान जमील मनहास निवासी राजौरी के रूप में हुई।

  3. पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लिया, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, राजौरी। जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर राजौरी के अल्फा गेट के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा डंपर और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। मृतक की पहचान जमील मनहास निवासी राजौरी के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमील मनहास राजौरी में एक दुकान पर काम करता था। शुक्रवार रात वह रोजाना की तरह अपना काम समाप्त करने के बाद बाइक पर सवार होकर मुरादपुर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान जब वह जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अल्फा गेट स्थित सैन्य जांच चौकी के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे एक डंपर के साथ उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि जमील सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल जमील को तुरंत उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) राजौरी पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद पुलिस ने डंपर और चालक को पकड़ा

हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी सक्रिय हुई और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने डंपर और उसके चालक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, जीएमसी राजौरी में पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मृतक का शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस की ओर से मामले की आगे की जांच की जा रही है।

जम्मू-पुंछ हाईवे पर हादसों का सिलसिला जारी

गौरतलब है कि जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क दुर्घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। इस मार्ग पर तेज रफ्तार और वाहनों की लापरवाही के कारण आए दिन हादसे सामने आते रहते हैं। इन दुर्घटनाओं में कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि अनेक घायल होकर अस्पताल पहुंचते हैं।

प्रशासन और यातायात पुलिस की ओर से वाहन चालकों को लगातार यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सड़क पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की जाती है। इसके बावजूद दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।