विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CCTV में आधी रात सड़क पार करते दिखे दो संदिग्ध, राजौरी में अलर्ट के बाद भंगाई से कोपरा टॉप तक ड्रोन-कुत्तों से सर्च

By Digital Desk Edited By: Rahul Sharma
Published: Tue, 14 Jul 2026 02:21 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के थानामंडी इलाके में देर रात सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध आतंकियों के दिखने के बाद हड़कंप मच गया है।

राजौरी में संदिग्ध आतंकियों की तलाश तेज, सीसीटीवी फुटेज के बाद सुरक्षा बल अलर्ट। फाईल फोटो।

राजौरी में संदिग्ध आतंकियों की तलाश तेज, सीसीटीवी फुटेज के बाद सुरक्षा बल अलर्ट। फाईल फोटो।

HighLights

  1. राजौरी के थानामंडी में दो संदिग्ध आतंकी देखे गए।

  2. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाशी अभियान जारी है।

  3. सुरक्षा बलों ने ड्रोन और खोजी कुत्तों का उपयोग किया।

डिजिटल डेस्क, राजौरी। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब थानामंडी इलाके के कुछ गांवों में दो संदिग्ध आतंकियों की मौजूदगी की खबर सामने आई। अधिकारियों के मुताबिक, रविवार देर रात एक सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध लोग सड़क पार करते हुए कैद हुए थे। इसी फुटेज के आधार पर सुरक्षा बलों ने इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

रविवार रात करीब 11 बजे का बताया जा रहा यह सीसीटीवी फुटेज थानामंडी के पास लगे एक कैमरे में रिकॉर्ड हुआ। फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति संदिग्ध हालात में सड़क पार करते दिख रहे हैं। उनके हाव-भाव और समय को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों को शक हुआ कि ये आतंकी हो सकते हैं।

फुटेज सामने आने के बाद लोकल पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप यानी SOG, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल यानी CRPF और सेना ने तुरंत मिलकर एक समन्वित सर्च ऑपरेशन लॉन्च किया।

अधिकारियों ने बताया कि फुटेज मिलने के बाद सर्च पार्टियों को कई हिस्सों में बांट दिया गया। फिलहाल जिन गांवों और जंगली इलाकों में तलाशी चल रही है उनमें भंगाई गांव, हसप्लोट, कर्योटे, कोपरा टॉप व उसके साथ लगते आसपास के घने जंगलों वाले गांव शामिल हैं।

सुरक्षा बल घर-घर तलाशी के साथ-साथ जंगलों और पहाड़ी रास्तों को भी खंगाल रहे हैं। ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद भी ली जा रही है ताकि कोई सुराग न छूटे।

अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

राजौरी और पुंछ जिलों में पिछले कुछ महीनों से आतंकी गतिविधियों की सूचनाएं मिलती रही हैं। पहाड़ी और जंगली इलाका होने के कारण आतंकी अक्सर इन्हीं रास्तों से घुसपैठ की कोशिश करते हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, 'हम किसी भी आशंका को हल्के में नहीं ले रहे। फुटेज में दिख रहे दोनों व्यक्तियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। जब तक पूरे इलाके को सुरक्षित घोषित नहीं कर दिया जाता, ऑपरेशन जारी रहेगा।'

स्थानीय लोगों से की गई अपील

प्रशासन ने थानामंडी और आसपास के गांवों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अगर किसी को कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखे तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या सेना के कैंप को सूचना देने को कहा गया है।

फिलहाल अंतिम जानकारी मिलने तक सर्च ऑपरेशन जारी था। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर रखी है और चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। राजौरी में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। थानामंडी से सटे सभी रास्तों पर नाकेबंदी की गई है और आने-जाने वाले हर वाहन की चेकिंग हो रही है। अधिकारियों का कहना है कि आतंकियों के मंसूबों को नाकाम करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।