अस्थायी कर्मी हड़ताल पर, बिजली व्यवस्था चरामराई
संवाद सहयोगी, कालाकोट : बिजली विभाग के ग्रिड स्टेशन तरेडु तथा महोगला में नीड बेस कैजुअल लेबर के तौर
संवाद सहयोगी, कालाकोट : बिजली विभाग के ग्रिड स्टेशन तरेडु तथा महोगला में नीड बेस कैजुअल लेबर के तौर पर काम कर रहे कर्मचारी पिछले तीन दिन से चीफ कार्यालय जम्मू में हड़ताल कर रहे हैं। कर्मचारी मनोहर लाल, अश्विनी कुमार, साहिल कुमार, मुहम्मद दीन, आरजू शर्मा, राकेश कुमार, उत्तम कुमार आदि कर्मचारियों ने बताया कि मेंटिनेस व एसटीडी फोर के सभी अस्थायी कर्मचारी जो स्टेशन तथा फील्ड में काम कर रहे हैं उन्हें समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है। इस कारण उन्हें हड़ताल पर उतरना पड़ा हैं।
उन्होंने बताया कि कई कर्मी 15 से 17 वर्ष से काम कर रहे हैं, मगर इतने वर्षो में कभी समय पर वेतन नहीं मिला। स्थिति यह है कि कभी छह माह बाद 1500 से दो हजार रुपये वेतन मिलता है तो कभी साल बाद वेतन जारी किया जाता है। अस्थायी कर्मी दिन रात स्थायी कर्मियों के बराबर काम करते हैं। मगर हमें बराबर का हक भी नहीं दिया जाता। कई बार अधिकारियों के आगे गुहार लगाने के बाद भी समाधान न होने पर मजबूर होकर हड़ताल करनी पड़ रही है।
उधर, अस्थायी कर्मियों की हड़ताल के कारण क्षेत्र में कई जगह बिजली व्यवस्था चरमरा गई है, जिस कारण लोग परेशान हैं। लोगों में सामाजिक कार्यकर्ता मास्टर केवल शर्मा, उत्तम ¨सह, दिगपाल ने कहा कि अस्थायी कर्मियों की हड़ताल के कारण क्षेत्र में बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई है। विभागीय अधिकारियों को चाहिए कि अस्थायी कर्मियों की मांगों को पूरी करके हड़ताल खत्म करवाई जाए, ताकि लोगों को भी परेशानी से निजात मिल सके।