विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पाकिस्तान ने पुंछ में LoC पर की गोलीबारी, भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब; इलाके में बढ़ा तनाव

Published: Sun, 14 Jun 2026 11:24 PM (GMT+05:30)Updated: Sun, 14 Jun 2026 11:39 PM (GMT+05:30)

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के बालाकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की गोलीबारी का भारतीय सेना ने कड़ा जवाब दिया। गोलीबारी के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ा।

भारतीय सेना ने पाकिस्तानियों को दिया मुंहतोड़ जवाब। फाइल फोटो

भारतीय सेना ने पाकिस्तानियों को दिया मुंहतोड़ जवाब। फाइल फोटो

HighLights

  1. पाकिस्तान ने बालाकोट एलओसी पर की अचानक गोलीबारी।

  2. भारतीय सेना ने तुरंत जवाबी कार्रवाई कर मुंहतोड़ जवाब दिया।

  3. क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई गई, सेना हाई अलर्ट पर।

जागरण संवाददाता, राजौरी। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के बालाकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर शनिवार को पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी के बाद भारतीय सेना ने कड़ा और प्रभावी जवाब दिया। सीमा पर कुछ समय तक दोनों ओर से गोलीबारी का सिलसिला जारी रहा, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

हालांकि, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और भारतीय सेना पूरी सतर्कता के साथ सीमा पर निगरानी बनाए हुए हैं। इस घटना की फिलहाल सेना द्वारा कोई पुष्टि नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान सेना ने बालाकोट सेक्टर में भारतीय चौकियों को निशाना बनाते हुए अचानक गोलीबारी शुरू की।

बताया जा रहा है कि पाकिस्तान की ओर से 10 से 15 राउंड फायरिंग की गई। गोलीबारी के बाद भारतीय सेना के जवान तुरंत सक्रिय हो गए और उन्होंने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी चौकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया।

एलओसी पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई के बाद पाकिस्तान की ओर की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई। सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि भारतीय सेना ने पूरी पेशेवर क्षमता और संयम के साथ जवाबी फायरिंग की तथा सीमा पर किसी भी प्रकार की घुसपैठ या उकसावे की कोशिश को विफल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए।

एलओसी पर हुई इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अग्रिम इलाकों में तैनात जवानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है तथा सीमा से सटे संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। सेना द्वारा आसपास के इलाकों में गश्त भी तेज कर दी गई है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार गोलीबारी की आवाजें सुनाई देने के बाद सीमा से सटे गांवों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं मिली है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

मजबूती के साथ डटी है सेना

सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तान की ओर से समय-समय पर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर तनाव पैदा करने की कोशिश की जाती रही है, लेकिन भारतीय सेना हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। अधिकारियों ने कहा कि सीमा की सुरक्षा और देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए सेना पूरी मजबूती और सतर्कता के साथ तैनात है।

भारतीय सेना ने सीमा पर तैनात जवानों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। सेना के अधिकारी लगातार क्षेत्र की स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं और आधुनिक निगरानी उपकरणों के माध्यम से सीमा पार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

स्थिति संवेदनशील

गौरतलब है कि पुंछ और राजौरी जिले के कई सेक्टर नियंत्रण रेखा के निकट स्थित हैं और यहां समय-समय पर संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्कता बनाए रखती हैं और किसी भी उकसावे का जवाब प्रभावी ढंग से देती हैं।

फिलहाल बालाकोट सेक्टर में स्थिति सामान्य लेकिन संवेदनशील बनी हुई है। भारतीय सेना सीमा पर पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए तैयार है।