कश्मीर या पुंछ जाने का प्लान है तो रुक जाएं, पीर पंजाल की पहाड़ियों पर ताजा बर्फबारी; फिसलन के चलते मुगल रोड बंद
राजौरी-पुंछ के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम बदलने से पीर पंजाल में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश हुई है। ...और पढ़ें

बर्फबारी-बारिश से मुगल रोड बंद, राजौरी-पुंछ में बढ़ी ठंड।
HighLights
पीर पंजाल में भारी बर्फबारी, पुंछ में लगातार बारिश हो रही है।
सड़क पर फिसलन बढ़ने के कारण मुगल रोड बंद कर दिया।
यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात अस्थायी रूप से रोका गया।
जागरण संवाददाता, पुंछ। सीमावर्ती जिला पुंछ में वीरवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। जिले के मैदानी और निचले इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होने का सिलसिला जारी है, जबकि पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है। बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ गई है। वहीं, मौसम खराब होने और सड़क पर फिसलन बढ़ने के चलते ऐतिहासिक मुगल रोड पर यातायात को एहतियातन बंद कर दिया गया है।
मुगल रोड पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। सड़क पर बारिश और बर्फबारी के कारण फिसलन काफी बढ़ गई है, जिससे वाहन चालकों के लिए सफर करना जोखिम भरा हो गया है।
यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों ने मार्ग पर यातायात अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला लिया है। इसके चलते मुगल रोड से गुजरने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राजौरी-पुंछ को दक्षिण कश्मीर से जोड़ता है मुगल रोड
गौरतलब है कि मुगल रोड राजौरी और पुंछ जिलों को दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। यह मार्ग पीर पंजाल की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं से होकर गुजरता है।
सर्दियों के मौसम में यहां बर्फबारी और तापमान में भारी गिरावट के कारण सड़क पर बर्फ जमने तथा फिसलन पैदा होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में खराब मौसम के दौरान इस मार्ग पर यातायात संचालित करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
पीर पंजाल में बारिश-बर्फबारी का दौर
उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग की ओर से 12 और 13 नवंबर को पीर पंजाल सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई थी। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया गया था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुरूप वीरवार सुबह से ही जिले में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, मौसम की स्थिति सामान्य होने और संबंधित विभागों की ओर से सड़क का निरीक्षण कर इसे यातायात के लिए सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही मुगल रोड को दोबारा खोला जाएगा। फिलहाल मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
मुगल रोड पर सफर करने से पहले जरूर जान लें मार्ग का हाल
प्रशासन ने आम लोगों और यात्रियों से अपील की है कि अगले आदेश तक मुगल रोड पर सफर करने से बचें। किसी भी प्रकार की यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक कंट्रोल रूम से मार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि खराब मौसम के कारण किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।