जम्मू-कश्मीर के 6 मेडिकल कॉलेजों में हड़ताल जारी, चार दिन से बुरी तरह प्रभावित सेवाएं; मरीज परेशान
राजौरी सहित जम्मू-कश्मीर के छह मेडिकल कॉलेजों में गैर-राजपत्रित कर्मचारियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी है। इससे स्वास्थ्य सेवाएं ...और पढ़ें

मेडिकल कालेज राजौरी में हड़ताल पर बैठे कर्मचारी। (फोटो- जागरण)
HighLights
राजौरी सहित छह मेडिकल कॉलेजों में हड़ताल जारी।
स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, मरीजों को उपचार में देरी।
कर्मचारियों की मांगों पर अभी तक कोई निर्णय नहीं।
जागरण संवाददाता, राजौरी। राजकीय मेडिकल कालेज (जीएमसी) राजौरी सहित जम्मू-कश्मीर के पांच अन्य नए सरकारी मेडिकल कालेजों में गैर राजपत्रित कर्मचारी संवर्ग की हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। कर्मचारियों के लगातार काम से दूर रहने के कारण अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। इसका सीधा असर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों पर पड़ रहा है। दूरदराज के क्षेत्रों से उपचार के लिए पहुंच रहे लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, जीएमसी राजौरी के अलावा जम्मू-कश्मीर के पांच अन्य नए मेडिकल कालेजों के गैर राजपत्रित कर्मचारी भी इस हड़ताल में शामिल हैं।
कर्मचारियों की हड़ताल के चलते अस्पतालों में विभिन्न विभागों का कामकाज प्रभावित हुआ है। मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने में दिक्कतें आ रही हैं। अस्पताल में उपचार, जांच और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं के लिए आने वाले मरीजों को इंतजार करना पड़ रहा है।
राजौरी के साथ पुंछ और सीमावर्ती इलाकों के मरीज परेशान
राजौरी जिला अस्पताल से संबद्ध जीएमसी में जिले के दूरदराज के इलाकों के अलावा पुंछ और सीमावर्ती क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में कर्मचारियों की हड़ताल का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर अधिक दिखाई दे रहा है।
कई मरीजों को अस्पताल में पहुंचने के बाद भी समय पर सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। वहीं, गंभीर और जरूरतमंद मरीजों के तीमारदारों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
चौथे दिन भी जारी रही कर्मचारियों की हड़ताल
कर्मचारियों की हड़ताल लगातार चौथे दिन में प्रवेश कर जाने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाओं पर इसका असर कम होता नजर नहीं आ रहा है। अस्पताल प्रशासन के सामने भी मरीजों को नियमित सुविधाएं उपलब्ध करवाने की चुनौती बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी मेडिकल कालेज में पहले से ही बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में कर्मचारियों की हड़ताल से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से कर्मचारियों की मांगों पर जल्द सकारात्मक फैसला लेने की अपील की है, ताकि हड़ताल समाप्त हो और अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य हो सकें।
हालांकि, कर्मचारियों की मांगों और हड़ताल समाप्त होने को लेकर किसी आधिकारिक समझौते या निर्णय की जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है। फिलहाल मरीजों को राहत मिलने का इंतजार है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।