अस्थायी कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
जागरण संवाददाता राजौरी जल शक्ति विभाग में काम करने वाले अस्थाई कर्मचारियों की हड़ताल
जागरण संवाददाता, राजौरी : जल शक्ति विभाग में काम करने वाले अस्थाई कर्मचारियों की हड़ताल आज भी जारी रही, इस मौके पर कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार को चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। वहीं अस्थायी कर्मचारियों का प्रतिनिधि मंडल विभाग के एक्सईएन से भी मिला और अधिकारी ने मांगो को पूरा करने का आश्वासन दिया। मंगलवार को यूनाइटेड फ्रंट बैनर तले अस्थाई कर्मचारियों ने प्रधान रोमी वर्मा, मुहम्मद यूनुस, जीवन कुमार की अध्यक्षता में जोरदार प्रदर्शन किया उनका कहना था कि 12 साल से अधिक समय हो गया है उनको विभाग में काम करते हुए पर सरकार ने आज तक उनको पक्का नहीं किया उनका वेतन भी बढ़ाया नहीं जा रहा, अस्थाई कर्मचारियों को पक्का भी नहीं किया जा रहा, दो सालों से वेतन भी बकाया पड़ा हुआ है,कोविड महामारी के दौरान भी हम अपना काम पूरी तरह कर रहे हैं बिना वेतन के घर का गुजारा करना भी मुश्किल हो रहा है, बार-बार विभाग को और सरकार को अवगत करवाने के बाद भी हमारी मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा जिस कारण मजबूरन हम लोगों को प्रदर्शन का सहारा लेना पड़ रहा है। अस्थायी कर्मचारियों ने कहा कि बाहरी राज्यों में कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों का प्रति माह वेतन 18,350 रु है जबकि हमारे प्रदेश में 6750 रु. प्रति माह वेतन है वह भी बकाया चल रहा है। वेतन नहीं मिलने से कर्मचारी काफी परेशान हैं। हमारी समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाए। हम विभाग को और सरकार को चेतावनी देते हैं कि अगर जल्द से जल्द हमारी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो हमें सड़कों पर उतरकर अपना प्रदर्शन करना पड़ेगा जिसकी जिम्मेवारी विभाग पर होगी। वहीं अस्थायी कर्मचारियों का प्रतिनिधि मंडल विभाग के एक्सईइन मुश्ताक चौधरी से मिला मांगो का ज्ञापन सोंपा उन्होंने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि आप लोगों की समस्या को उच्च अधिकारियों तक पहुंचा कर हल कर दिया जाएगा।