Coronavirus Alert: सुंदरबनी का पहाड़ी गांव देवली माइक्रोकंटेनमेंट जोन घोषित
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए सुंदरबनी से जिला सह आयुक्त विनोद कुमार बेनहाल ने बताया कि सुंदरबनी का एक गांव कंटेनमेंट जोन में आने के बाद ही लगातार जिला आयुक्त राजौरी राजेश कुमार शवन हालात पर नजर बनाए हुए थे।
सुंदरबनी, संवाद सहयोगी: सुंदरबनी कोविड-19 की दूसरी लहर से बढ़ रहे संक्रमण के कारण प्रशासन एवं सरकार भी सकते में है। शुक्रवार को सुंदरबनी के दूरदराज गांव देवली से 11 कोरोना संक्रमित मरीज पाए जाने के बाद जिला प्रशासन द्वारा उस क्षेत्र को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया।
प्रशासन की एक टीम पुलिसकर्मियों सहित गांव के दौरे पर पहुंची यहां पर प्रशासन द्वारा गांव को चारों तरफ से सील किया गया और कोविड-19 के शेष प्रोटोकॉलओं का पालन करने के लिए जरूरी दिशा निर्देश जिला आयुक्त राजेश कुमार शवन द्वारा जारी किए गए हैं। इसके बाद सकते में आए प्रशासन ने सैंपलिंग का कार्य युद्ध स्तर पर गांव में शुरू कर दिया है।
इसी बीच जिला उपायुक्त राजौरी राजेश कुमार ने सुंदरबनी प्रशासन मुख्यालय का दौरा कर सुंदरबनी में कोरोना से बिगड़ते हालातों का जायजा लेने के साथ साथ जिला सह आयुक्त सुंदरबनी विनोद कुमार बेनहाल बीएमओ सुंदरबनी मंजूर हुसैन सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की एक बैठक कर उन्हें सरकार द्वारा जारी कोरोना प्रोटोकोल का कढ़ाई से पालन करवाने के साथ-साथ अन्य जरूरी दिशानिर्देश जारी किए।
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए सुंदरबनी से जिला सह आयुक्त विनोद कुमार बेनहाल ने बताया कि सुंदरबनी का एक गांव कंटेनमेंट जोन में आने के बाद ही लगातार जिला आयुक्त राजौरी राजेश कुमार शवन हालात पर नजर बनाए हुए थे। इसी बीच उन्होंने सुंदरबनी आने का फैसला किया और सुंदरबनी के सरकारी गेस्ट हाउस में तत्काल आनन-फानन में एक बैठक का आयोजन किया गया।
जिसमें सभी अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए और सुंदरबनी के बाकी तमाम इलाकों को कोविड-19 की दूसरी खतरनाक लहर से बचाने के लिए जरूरी उपायों पर चर्चा की गई। इसके बाद जिला आयुक्त राजौरी द्वारा सुंदरबनी में बनाए गए विशेष कोरोना डेस्क का भी निरीक्षण किया गया और मौके पर ही सभी अधिकारियों को जरूर हिदायत भी दी गई।