हड़ताली कर्मियों के समर्थन में आए पार्षद
पीएचई विभाग के अस्थायी कर्मचारी लंबित मांगें पूरी न होने पर राज्य प्रशासन और पीएचई विभाग के खिलाफ कई दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। शनिवार को धरने प्रदर्शन पर बैठे कर्मचारियों को नपा राजौरी के पार्षदों के समर्थन मिला।
जागरण संवाददाता, राजौरी : पीएचई विभाग के अस्थायी कर्मचारी लंबित मांगें पूरी न होने पर राज्य प्रशासन और पीएचई विभाग के खिलाफ कई दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। शनिवार को धरने प्रदर्शन पर बैठे कर्मचारियों को नपा राजौरी के पार्षदों के समर्थन मिला। पीएचई डिवीजन कार्यालय राजौरी के बाहर अस्थायी कर्मचारियों ने प्रदेश व पीएचई आला अधिकारियों के खिलाफ जमकर रोष प्रकट किया। पार्षदों ने समर्थन देते हुए कहा कि पीएचई विभाग के कर्मचारियों की मांगें जायज हैं, उन्हें पूरा करने में लापरवाही बरती जा रही है। वार्ड नंबर दो के पार्षद मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा कि राज्य प्रशासन को मुलाजिमों की मांगों को मान लेना चाहिए। कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सभी पार्षदों के पीएचई कर्मचारियों को समर्थन है।
अस्थाई कर्मचारियों ने कहा कि पंद्रह-बीस साल से डेलीवेजर सेवाएं दे रहे हैं। मगर वेतन के नाम पर हमारे साथ धोखा हो रहा है। पूर्व सरकारों ने भी उनका खून चूसने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पिछले कईं सालों से वेतन से महरूम रखा गया। महंगाई के दौर में परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल है। राज्य प्रशासन ने कर्मियो को स्थाई करने की कोई ठोस नीति नहीं बनाई है। उन्होंने कहा कि हक मांगते मांगते एक अस्थायी कर्मचारी की कुछ रोज पहले मौत हो गई थी जो हमारे साथ मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहा था। लेकिन इसके बावजूद उनकी मांगो पर गौर नहीं किया जा रहा है।