राजौरी में दो व पुंछ में एक कोरोना का मामला सामने आया
जागरण संवाददाता पुंछ राजौरी व पुंछ दोनों जिलों में शुक्रवार को कोरोना के तीन मामले
जागरण संवाददाता, पुंछ : राजौरी व पुंछ दोनों जिलों में शुक्रवार को कोरोना के तीन मामले सामने आए हैं, जिनमें राजौरी जिले में दो व पुंछ में एक मामला सामने आया है। राजौरी में अब कोरोना के मरीजों की संख्या दस हो चुकी है, जिनमें से चार ठीक होकर अपने घरों को लौट चुके हैं और अन्य छह का उपचार चल रहा है। पुंछ में कोरोना के पांचों मरीजों का उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार मुंबई में मजदूरी करने वाला युवक चंद रोज पहले राजौरी पहुंचा था और उसे क्वारंटाइन केंद्र में रखा गया था। यहां से इसके नमूनों को लेकर जांच के लिए जम्मू भेजा गया था। शुक्रवार को इसकी जो रिपोर्ट आई, जो पॉजिटिव थी। उसी समय उसे क्वारंटाइन केंद्र से निकाल कर मेडिकल कॉलेज राजौरी लाया गया, जहां पर उसका उपचार शुरू कर दिया गया है।
इसी तरह से गुरुग्राम से महिला चंद रोज पहले राजौरी आई। उसे भी प्रशासन ने क्वारंटाइन केंद्र में रखा और वहां पर इसके नमूने लिए गए। शुक्रवार को इसके नमूनों की रिपोर्ट आई तो उसमें कोरोना पॉजिटिव पाया गया। उसी समय इस महिला को भी मेडिकल कॉलेज राजौरी भेज कर उपचार शुरू करवा दिया गया।
वहीं, पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील का रहने वाला छात्र चंद रोज पहले ही पुंछ आया था। उसे भी प्रशासन ने क्वारंटाइन केंद्र में भेज दिया था। यहां पर इसके सैंपल लेकर जांच के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज जम्मू में भेजा गया था। शुक्रवार को उसकी रिपोर्ट में पॉजिटिव आई और उसी समय उसे भी क्वारंटाइन केंद्र से निकाल कर उपचार के लिए मेडिकल कालेज रॉजौरी के लिए रवाना कर दिया गया।
इस संबंध में बात करने पर एडीसी राजौरी ठाकुर शेर सिंह का कहना है कि जिले में दो नए मामले कोरोना के सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि इन दोनों के संपर्क में जितने भी लोग रहे और जिस बस में वे आए, उस समय में कितने लोग थे, उनकी पहचान का कार्य शुरू कर दिया गया है।