जम्मू के पुंछ में मिला पुराना मोर्टार शेल, BDS ने किया निष्क्रिय; पुरानी गोलाबारी के दौरान गिरने की आशंका
पुंछ के किरनी सेक्टर में नहर के पास एक पुराना 51 एमएम का मोर्टार शेल मिला, जिससे इलाके में दहशत ...और पढ़ें

पुंछ के किरनी सेक्टर में मिला जंग लगा मोर्टार शेल।
HighLights
पुंछ के किरनी सेक्टर में मिला पुराना मोर्टार शेल।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने क्षेत्र सुरक्षित किया।
बम निरोधक दस्ते ने मोर्टार शेल को निष्क्रिय किया।
जागरण संवाददाता, पुंछ। सीमावर्ती जिला पुंछ के किरनी सेक्टर में शनिवार को नहर के पास पुराना और जंग लगा 51 एमएम का मोर्टार शेल मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सुरक्षित किया और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) को बुलाया। दस्ते ने मोर्टार शेल की जांच करने के बाद उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, करणी सेक्टर में नहर के पास स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध वस्तु पड़ी देखी। पास जाकर देखने पर वह पुराना मोर्टार शेल दिखाई दिया। इसके बाद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली करवाकर सुरक्षित कर लिया, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो।
इसके बाद पुलिस ने बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया। दस्ते के सदस्यों ने मोर्टार शेल की स्थिति का निरीक्षण किया और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाते हुए उसे निष्क्रिय कर दिया। पूरी कार्रवाई सावधानीपूर्वक की गई और किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
सीमा पार से हुई पुरानी गोलाबारी के दौरान यहां गिरने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बरामद मोर्टार शेल काफी पुराना और जंग लगा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि यह अतीत में सीमा पार से हुई गोलाबारी के दौरान यहां रह गया होगा। हालांकि, इसके यहां पहुंचने की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी एवं अन्य कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
पुलिस की लोगों से अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी स्थान पर पुरानी विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर उसे छूने या उसके साथ छेड़छाड़ करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचित करें।