कुत्ते ने बचाई महिला की जान
संवाद सहयोगी पुंछ ऐसा कहा जाता है कि कुत्ते मालिक के वफादार होते हैं। इंसान भले ही
संवाद सहयोगी, पुंछ : ऐसा कहा जाता है कि कुत्ते मालिक के वफादार होते हैं। इंसान भले ही अपने मालिक को धोखा दे दे, लेकिन कुत्ते वफादारी निभाते हैं। मंगलवार की रात पुंछ जिले के गांव साब्जियां में वफादारी निभाते हुए हुए एक कुत्ते ने महिला की रीछ से जान बचाई।
हालांकि रीछ के हमले से महिला घायल हो गई है। उसे पहले साब्जियां के चिकित्सा केंद्र में लाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पुंछ रेफर कर दिया। वहां पर उसका जारी है। घायल महिला की पहचान सरिया बेगम पत्नी अली मुहम्मद निवासी साब्जियां के रूप में हुइ है।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि रात्रि को खाना खाने के बाद घर के अन्य सदस्य सोने के लिए चले गए। जैसे ही महिला रसोई का कार्य खत्म कर बाहर निकली तो रीछ ने उसपर हमला कर दिया। चीख सुनकर महिला के बेटे ने उसे बचाने की कोशिश की तो रीछ ने महिला को छोड़ कर पुत्र पर हमला कर दिया । पुत्र के हाथ में लाठी थी , जिससे वह बाल-बाल बच गया। तभी पालतू कुत्ता भी वहां पर पहुंच गया और रीछ की तरफ बढ़ते हुए जोर-जोर से भौंकने लगा। जिसके बाद रीछ थोड़ा पीछे हुआ। इसी दौरान घर के अन्य सदस्य भी वहां पर पहुंच गए और रीछ को वहां से भगाकर महिला को उपचार के लिए साब्जियां के चिकित्सा केंद्र पर पहुंचाया। रात को उपचार के बाद सुबह महिला को जिला अस्पताल में इलाज के लिए रेफर कर दिया।