भाजपा नेताओं ने पार्टी को मजबूत करने पर दिया जोर
संवाद सहयोगी पुंछ जिले में भाजपा कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या मे
संवाद सहयोगी, पुंछ : जिले में भाजपा कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जिले के दूरदराज गांवों के अन्य दलों के कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। बैठक के दौरान जिले के विकास कार्यो पर जोर दिया गया और पुंछ में भाजपा को मजबूत करने पर चर्चा की गई।
इस बैठक के दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रविद्र रैना, सांसद जुगल किशोर शर्मा, संगठन मंत्री अशोक कौल के अलावा बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर सांसद जुगल किशोर ने कहा कि जिस प्रकार केंद्र सरकार कार्य कर रही है, आम नागरिक तक केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। हमें भारी संख्या में सहयोग मिल रहा है और दूसरे राजनैतिक दलों के बड़े-बड़े नेता भाजपा का दामन थाम रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिला पुंछ से अखनूर तक जल्द ही फोरलेन सड़क का कार्य शुरू किया गया है। इसके अलावा अन्य कई विकास कार्य शुरू किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष रविद्र रैना ने कहा कि भाजपा की सरकार बेहतर कार्य कर रही है, जिससे हर क्षेत्र का विकास हो रहा है। यही कारण है कि अधिक से अधिक लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा का पूरा ध्यान दिया जा रहा है। इस बैठक के दौरान जिले में पार्टी को मजबूत करने के लिए विशेष चर्चा की गई और पार्टी कार्यकर्ताओं को कई जिम्मेदारियां भी सौंपी गई, ताकि क्षेत्र में पार्टी को अधिक मजबूत किया जा सके।