नंदलाल के एक झलक पाने को बेताब दिखे शहरवासी
जागरण संवाददाताकठुआ श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाने को लेकर शहर पूरी तरह से तैयार हा
जागरण संवाददाता,कठुआ :
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाने को लेकर शहर पूरी तरह से तैयार हो चुका है। हर तरफ कृष्ण जन्माष्टमी की धूम है। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में वीरवार को शहर में श्री कृष्ण ज्ञान मंदिर की ओर से शोभायात्रा निकाली गई। इसमें भगवान श्री कृष्ण के वेश में सजे बच्चों ने मार्ग पर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रस्तुत झांकियों में भगवान श्री कृष्ण को पालकी में रखा गया था। इसके साथ ही गोपियों के साथ रास लीला करते भगवान को दर्शाया गया। वहीं बांसुरी बजाते कान्हा को भी झांकी में शामिल किया गया था। सबसे आगे महिलाएं सिर पर कलश उठाकर चल रही थी, उसके पीछे जय कन्हैया लाल की हाथी घोड़ा पालकी की जयघोष करते महिला श्रद्धालु भगवान श्री कृष्ण के जन्म की धूम शुरू होने का उदाहरण दे रही थीं। यात्रा मार्ग पर उपस्थित लोग भगवान की सुंदर झांकियों के दर्शन कर गदगद हो रहे थे। हर कोई अपने आराध्य का दर्शन पाने के लिए उत्सुक दिखा। शहर के वार्ड-7 से बैंडबाजे के साथ श्री कृष्ण ज्ञान मंदिर से शुक योगेंद्र मुनि जी महाराज के नेतृत्व में शोभायात्रा निकली, जो पारलीवंड से होते हुए मुखर्जी चौक, शहीदी चौक से वापस मंदिर में पहुंच कर संपन्न हो गई।
आज शाम को महाकालेश्वर मंदिर से निकलेगी झांकी
शहर के अन्य मंदिरों में भी झांकियां सजाने और शोभायात्रा निकालने के तैयारियों अंतिम चरण में हैं। वार्ड 3 स्थित कृष्णा कॉलोनी के श्री महाकालेश्वर शिव दुर्गा मंदिर से शुक्रवार शाम को बाल रूपी श्री कृष्ण की झांकी निकाली जाएगी। यह जानकारी मंदिर कमेटी के प्रधान नरेंद्र खजूरिया ने वीरवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। खजूरिया ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी पारंपरिक झांकी निकाली जाएगी। इसमें बाल रूप में भगवान श्री कृष्ण को टोकरी में उठाकर वासुदेव द्वारा यमुना पार गोकुल छोड़ने का दृश्य दर्शाया जाएगा। इस झांकी के दर्शन करने और शोभायात्रा में परिवार सहित बड़ी संख्या में शमिल होकर श्रद्धालु भगवान के जन्मोत्सव को बड़े पर्व की तरह मनाएं। इस मौके पर पंडित अशोक कुमार शर्मा, पंडित रशपाल शर्मा, विपिन शर्मा आदि उपस्थित रहे। कान्हा की मूर्तियों को सजाने में जुटे पुजारी
इसी बीच शहर के मंदिरों में कान्हा की मूर्तियों का श्रृंगार करने के लिए मंदिर पुजारी जुट गए हैं। शनिवार रात 12 बजे बाल रूपी भगवान को पालने में झुलाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में शहर के मंदिरों में जोरदार तैयारियां चल रही हैं। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पूरे जिले में धूमधाम से मनाई जाएगी।