जम्मू-पठानकोट हाईवे पर हादसों को न्योता, कहीं अंधेरा तो कहीं सड़क के तीखे कटाव बने खतरा; मवेशियों से भी जोखिम
Jammu-Pathankot Highway: जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लखनपुर से हीरानगर तक बने ओवरब्रिज रात में अंधेरे में डूबे रहते हैं, जिससे ...और पढ़ें

कठुआ में हाईवे चौड़ीकरण के बीच सुरक्षा की अनदेखी। (AI Generated)
HighLights
ओवरब्रिज रात में अंधेरे में डूबे, सुरक्षा पर सवाल।
बरवाल रोड की सोलर लाइटें कमजोर, रोशनी अपर्याप्त।
सड़क कटाव, आवारा मवेशी बढ़ा रहे दुर्घटना जोखिम।
अजय मीनिया, कठुआ। जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग को चौड़ा कर सफर आसान और सुरक्षित बनाने के दावे किए जा रहे हैं। लखनपुर से हीरानगर तक सड़क चौड़ीकरण के साथ कई स्थानों पर ओवरब्रिज और फ्लाईओवर बनाए गए हैं। दयालाचक, बरनोटी, हमीरपुर और खरोट मोड़ सहित विभिन्न जगहों पर बने ओवरब्रिज पर यातायात भी शुरू हो चुका है, लेकिन रात में रोशनी का पुख्ता इंतजाम नहीं है। शाम ढलते ही ये अंधेरे में डूब जाते हैं। ऐसे में सवाल है कि सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम पूरे किए बिना यहां यातायात कैसे शुरू कर दिया गया?
रात में सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए अंधेरा बड़ी परेशानी बन रहा है। रोशनी न होने से सामने से आते वाहन, पैदल राहगीर और अचानक सड़क पर आ जाने वाले मवेशी दिखाई नहीं देते। दोपहिया वाहन चालकों के लिए जोखिम अधिक है। तेज रफ्तार में सामने कोई राहगीर या मवेशी आ जाए तो चालक को संभलने का पर्याप्त समय नहीं मिलता और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
बरवाल रोड पर लगी सोलर लाइटें भी हादसों को रोकने में प्रभावी नहीं दिख रही हैं। इस सड़क को दुर्घटनाओं के लिहाज से डेथ स्पाट माना जाता है। यहां हादसों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सोलर लाइटें लगाई गईं, लेकिन उनकी रोशनी आसपास के 20 फुट क्षेत्र को भी ठीक से नहीं रोशन कर पा रही। ऐसे में लाइटें लगाने का उद्देश्य अधूरा रह गया है। जिस स्थान पर पर्याप्त रोशनी की सबसे अधिक जरूरत है, वहां ये महज औपचारिकता बनकर रह गई हैं।
हाईवे पर सड़क के तीखे कटाव बन रहे हादसों की वजह
हाईवे पर कई जगह तारकोल बिछाने के लिए सड़क की ऊपरी परत मशीनों से खुरची गई है। इससे सड़क के दोनों हिस्सों के बीच तीखे कटाव बन गए हैं। ये खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरनाक हैं। तेज रफ्तार में संतुलन बिगड़ने पर चालक गिरकर गंभीर हादसे का शिकार हो सकता है। ऐसे स्थानों पर चेतावनी संकेतक और बैरिकेडिंग जरूरी हैं, लेकिन इनकी कमी जोखिम बढ़ा रही है।
कालीबड़ी चौक से हीरानगर तक हाईवे पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा भी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रहा है। मवेशी कई बार अचानक सड़क के बीच आ जाते हैं। दिन में चालक किसी तरह बचाव कर लेते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में टकराने की आशंका बढ़ जाती है। इसके बावजूद उन्हें हाईवे से हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही।
निर्माण के साथ सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन भी जरूरी
हाईवे चौड़ा करने और ओवरब्रिज-फ्लाईओवर बनाने के साथ सड़क सुरक्षा के बुनियादी प्रोटोकाल पर भी ध्यान देना नहीं दिया गया। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पंकज डोगरा का कहना है कि संबंधित निर्माण एजेंसी और विभागों को ओवरब्रिज पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें लगानी चाहिए, बरवाल रोड की सोलर लाइटें दुरुस्त करनी चाहिए, सड़क के खतरनाक कटाव ठीक करने चाहिए और आवारा मवेशियों पर अंकुश लगाने के ठोस कदम उठाने चाहिए। सड़क चौड़ी होने के साथ यात्रियों का सफर सुरक्षित होना भी जरूरी है।
हटली का अंडरपास बना मुसीबत
बता दें कि महीनों के बाद भी हाइवे के हटली स्थित अंडरपास मुसीबत बना हुआ है। अकसर इसके नीचे से जब कोई बड़ा वाहन गुजरे तो छत से जा टकराता है। जबकि चौक की हालत ठीक न होने की वजह से हर रोज लंबा जाम भी लगा रहा है। क्योंकि हटली के पास औद्योगिक क्षेत्र है।
इस वजह से हर रोज बड़े ट्रक निकलते हैं। इसे समस्या से भी लोग परेशान हैं। जबकि इसी जगह पर बरसात होने पर सड़क पानी से भर जाती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।