तापमान 44 के हुआ पार, गर्मी से हर कोई बेहाल
जागरण संवाददाता कठुआ जिले में पिछले चार दिनों से तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। रविवार
जागरण संवाददाता, कठुआ: जिले में पिछले चार दिनों से तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। रविवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। आलम यह है कि गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार सोमवार देर सायं से मौसम में बदलाव आने की संभावना है, जिसके कारण मंगलवार को हल्की बारिश हो सकती है।
दरअसल, सुबह दस बजने के साथ ही भयंकर गर्मी शुरू हो जाती है। रविवार को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो कि सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। हालांकि, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक विशाल महाजन के अनुसार सोमवार देर सायं से मौसम में बदलाव आने के बाद हल्की बारिश होने की संभावना है। उधर, तापमान बढ़ने के साथ ही सड़कों पर चलने वाले लोगों को लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहिया वाहनों पर लू के थपेड़ों से बचने के लिए लोग मुंह ढक कर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। रात्रि में कई जगहों पर बिजली कट गर्मी में लोगों को और परेशान कर रही है। दिन के समय सार्वजनिक स्थल विरान नजर आ रहा है, क्योंकि कोई ठंडे स्थान पर बैठकर धूप से बचने के लिए दिन व्यतीत कर रहा है तो कुछ पास नहरों में जाकर राहत पाने का प्रयास कर रहे हैं। मजदूरी करने वाले या व्यवसाय चलाने वाले ज्यादा परेशान दिख रहे हैं। बहरहाल, पानी को लेकर भी हाहाकार मचने लगा है। कई जगहों पर हैंडपंप खराब होने से लोगों को खासे परेशानी हो रही है।