बसपा कार्यकर्ता डीसी के खिलाफ उतरे सड़कों पर
जागरण संवाददाता, कठुआ : बसपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार कालीबड़ी में हाईवे जाम कर डीसी के खिलाफ नारेबाजी
जागरण संवाददाता, कठुआ : बसपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार कालीबड़ी में हाईवे जाम कर डीसी के खिलाफ नारेबाजी की। नारेबाजी के दौरान कार्यकर्ता डीसी पर उन्हें प्रताड़ित करने का आरोप लगा रहे थे। बसपा राज्य अध्यक्ष सोम नाथ मजोत्रा के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने आधा घंटा हाईवे जाम किया, जिसके बाद स्थानीय पुलिस के थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंच कर किसी तरह से उन्हें समझाने का प्रयास किया। उसके बाद कार्यकर्ताओं ने कालीबड़ी से डीसी ऑफिस तक रोष रैली निकाली और कॉलेज रोड पर उनके कार्यालय के समक्ष ही डीसी का पुतला जलाया।
बसपा राज्य अध्यक्ष सोम नाथ ने डीसी पर उनके दलित व गरीब लोगों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके लोगों द्वारा बनाए जा रहे शहर में गोस्वामी गुरु नाभा दास मंदिर को डीसी ने जबरन तोड़ दिया। इसके बाद अब उन्हें निजी तौर पर भी परेशान किया जा रहा है। उनके द्वारा लगाए गए स्टोन क्रशर की बिजली की पावर काटने का भी प्रयास किया। इस तरह के विशेषकर एक कौम के लोगों को दबाने की नीतियां सहन नहीं की जाएंगी। सरकार इसे जल्द जहां से ट्रांसफर करें। ये एक विशेष राजनीतिक पार्टी के लिए काम कर रहा है। ऐसा जिले में पहला अधिकारी है, जो इस तरह से गरीब व दलित लोगों को प्रताड़ित करने में लगा है। अगर सरकार ने इस जल्द ट्रांसफर नहीं किया तो उनके कार्यकर्ता चुप्प नहंी बैठेंगे।