बूथ मैनेजमेंट में भाजपा रही आगे, कांग्रेस पिछड़ी
जागरण संवाददाता कठुआ लोकसभा चुनाव के दौरान कठुआ में भाजपा की बूथ मैनेजमेंट कांग्रे
जागरण संवाददाता, कठुआ : लोकसभा चुनाव के दौरान कठुआ में भाजपा की बूथ मैनेजमेंट कांग्रेस से कहीं बेहतर रही। बूथ के अंदर और बाहर भाजपा के कार्यकर्ता पूरी सक्रियता से काम करते रहे। शहर के कई बूथों पर तो ऐसा लगता था कि जहां सिर्फ भाजपा का ही बोलबाला है। इसका मुख्य कारण जिला मुख्यालय पर भाजपा की बेहतर टीम होना रहा है। भाजपा ने शहर में प्रत्येक बूथ को अपने पोस्टरों और झंडों से सजाया था। जब कि मुख्य विरोधी पार्टी कांग्रेस की बूथ मैनेजमेंट नहीं के बराबर दिखी,खासकर शहर में। कई स्थानों पर कांग्रेस के कार्यकर्ता सुबह बूथ पर मतदान शुरू होने तक नहीं पहुंचे थे। अगर कहीं थे तो एक दो ही दिखते थे,लेकिन उसके मुकाबले में भाजपा की सभी जगह टीम तैयार होकर बैठी नजर आई। जब कि कांग्रेस के मुकाबले में शहर में डोगरा स्वाभिमान की बूथ मैनेजमेंट भी ठीक थी। भाजपा की पूरी टीम सभी मतदान केंद्रों में उम्मीदवार डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ दौरा लगाती रही और वहां बैठे कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाती रही। जिसमें पूर्व विधायक एवं वन मंत्री राजीव जसरोटिया, नगर परिषद के प्रधान नरेश शर्मा, जिला प्रधान प्रेम नाथ डोगरा, राहुलदेव शर्मा, संजीव वैध आदि टीम के साथ मतदान केंद्रों में सक्रिय रहे। कांग्रेस का कोई नेता शहर में सिवाय उम्मीदवार विक्रमादित्य के मतदान केंद्रों में सक्रिय नहीं दिखा।