जिले में 19 और कोरोना संक्रमित मिले
जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ने का क्रम लगातार जारी है। शुक्रवार को फिर 19 नये पॉजिटिव केस मिलने से जिले में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 149 तक पहुंच गया।
जागरण संवाददाता, कठुआ : जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ने का क्रम लगातार जारी है। शुक्रवार को फिर 19 नये पॉजिटिव केस मिलने से जिले में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 149 तक पहुंच गया। राहत की बात यह है कि सभी नए संक्रमित पहले से ही हीरानगर में क्वारंटाइन हैं। सभी कश्मीर संभाग के रहने वाले हैं। सभी को अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया गया।
ताजा संक्रमित लोगों की ट्रैवल हिस्ट्री है। सभी दूसरे राज्यों से लौटे थे। इसके चलते सामुदायिक संक्रमण का खतरा नहीं है। वर्तमान में अब जिले में एक्टिव पॉजिटिव केस का आंकड़ा 100 तक पहुंच गया है। अभी तक कुल 57 लोग स्वस्थ होकर अस्पताल से घर लौट चुके हैं। ऐसे में जिले में कोरोना संकट से लोगों को अभी मुक्ति मिलने की उम्मीद नहीं की जा सकती है। बीते आठ दिन से जिले में लगातार कोरोना के नये मामले आने का क्रम जारी है। इसी आठ दिन में 65 नए संक्रमित लोग मिले हैं। इससे साफ अनुमान लगाया जा सकता है कि जिले में कोराना कितनी तेजी से फैल रहा है।
तीन दिन पहले शहर के वार्ड 7 में स्वास्थ्य कर्मी के संक्रमित पाये जाने के बाद वहां पर सैनिटाइज किया जा रहा है। इसके अलावा चक प्रताप सिंह में पाये गए संक्रमित के घर व आसपास के क्षेत्र में नगर परिषद द्वारा लगातार सैनिटाइज किया गया है। अनलॉक होने के बाद बढ़ी चहलपहल
लॉकडाउन के बाद जिले के अनलॉक-1.0 शुरू होने से शहर में अब काफी चहलपहल रहती है। सभी सरकारी कार्यालय भी खुल चुके हैं। इससे लोग अब अपने कार्यालय संबंधी काम कराने के लिए भी मुख्यालय पर पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही मार्केट खुलने का समय भी शाम पांच की बजाय सात तक हो गया है। अब हर सामान की दुकानें खुल चुकी हैं। इसलिए बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। लोगों में जागरूकता बढ़ी बढ़ी है तो लोग मास्क पहनकर बाजार आते हैं। लेकिन शारीरिक दूरी कोई मायने नहीं रख रही हैं। कोई संस्थान अपने कार्यालय में इसका पालन करता नहीं दिखता है। सार्वजनिक स्थान पर इसका अब पालन नहीं हो रहा है। शुक्रवार को भी शहर में विशेषकर मुखर्जी चौक के आसपास का क्षेत्र, जिसमें मुख्य बाजार में लोगों की काफी चहलपहल रही। बैंकों में भी लोग बड़ी संख्या में काम कराने आ रहे हैं, लेकिन वहां पर मास्क एवं शारीरिक दूरी का कुछ हद तक पालन होता दिख रहा है। हालांकि जिला मजिस्ट्रेट ने शहर में घर से निकलने पर मास्क पहनना हर किसी के लिए अनिवार्य कर दिया है। ऐसा न करने वालों को 200 रुपये जुर्माना भी करने का आदेश भी जारी किया है। इसके चलते अधिकांश लोग मास्क पहनते दिख रहे हैं। इसी बीच नगर परिषद द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर सैनिटाइज करने का क्रम लगातार जारी है।